गांधी चौक पर कांग्रेस ने किया ध्वजारोहण, पार्षद हेमलता कहार ने फहराया तिरंगा
सोहागपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अपने परंपरागत स्थल गांधी चौक पर सोहागपुर कांग्रेस परिवार द्वारा हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष ध्वजारोहण का गौरव पार्षद हेमलता मोहन कहार को प्राप्त हुआ। समारोह में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया। इसके बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा प्रेषित स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन स्थानीय कांग्रेसजनों द्वारा किया गया।
किसानों का मुंह मीठा कर मनाया स्वतंत्रता दिवस
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि गांधी चौक पर आयोजित समारोह के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नगर के विभिन्न मूंग तुलाई केंद्रों पर पहुंचे और वहां पिछले कई दिनों से अपनी उपज तुलवाने के लिए इंतजार कर रहे किसानों के बीच स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। कांग्रेसजनों ने किसानों का मुंह मीठा कराया और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और राष्ट्रीय पर्व की खुशियां उनके साथ मनाना इस आयोजन को और सार्थक बनाता है। गौरतलब है कि सामान्य परिस्थितियों में किसान स्वतंत्रता दिवस का पर्व अपने-अपने गांवों में मनाते हैं, लेकिन इस वर्ष मूंग तुलाई के लिए बड़ी संख्या में किसान तुलाई केंद्रों पर मौजूद हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता तुलाई केंद्रों पर पहुंचकर किसानों के साथ राष्ट्रीय पर्व की खुशियां साझा करते नजर आए।
ये भी पढ़ें: विदिशा में शान से लहराया तिरंगा, प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने ली परेड की सलामी
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर मेहरबान सिंह पटेल, संतोष मालवीय, लक्ष्मी सोनी, पुष्पराज सिंह पटेल, प्रशांत जायसवाल, अभिलाष सिंह चंदेल, शशि मालवीय, सुरेखा शाह, नीरज चौधरी, ऋषभ दीक्षित, मोहन कहार, जमील खान, भास्कर माझी, धर्मदास बेलवंशी, अनंत तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: दमोह में बारिश के बीच शान से लहराया तिरंगा, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां















