Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

विदिशा में शान से लहराया तिरंगा, प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने ली परेड की सलामी

विदिशा में स्वतंत्रता दिवस समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में धूमधाम से मनाया गया। प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। पुलिस और शौर्य दल ने मार्चपास्ट किया, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मीसाबंदियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों समेत 96 चयनित लोगों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
Follow on Google News
विदिशा में शान से लहराया तिरंगा, प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने ली परेड की सलामी
सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर प्रमाण पत्र देते हुए

विदिशा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य और गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखन पटेल रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

वंदे मातरम के साथ शुरू हुआ समारोह

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल से दिए गए संदेश का लाइव प्रसारण भी किया गया। इसके लिए एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम की विशेष व्यवस्था की गई थी। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री का संदेश देखा और सुना।

प्रभारी मंत्री ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां

प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने समारोह में जिले की विकास उपलब्धियों से संबंधित संदेश का वाचन किया। इसके बाद उन्होंने प्रगति के प्रतीक गुब्बारों को खुले आसमान में छोड़ा। इसके बाद प्रभारी मंत्री खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण करने पहुंचे। उनके साथ कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी भी मौजूद रहे।

जवानों ने दिखाया दमखम

समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल और शौर्य दल ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। परेड के दौरान हर्ष फायर भी किया गया। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। पुलिस बैंड और वात्सल्य स्कूल बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों की प्रस्तुति देकर समारोह में जोश भर दिया।

बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां

समारोह में जिले की तीन शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांदीपनी स्कूल बरईपुरा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति प्रस्तुति दी। इसके बाद एमएलबी स्कूल की छात्राओं ने ‘आकाश छू ले, आजाद रहे तिरंगा’ की प्रस्तुति दी। वहीं साकेत एमजीएम स्कूल के विद्यार्थियों ने सामूहिक लोकनृत्य ‘हे जन्मभूमि भारत’ प्रस्तुत किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

Breaking News

शौर्य दल और बैंड ने बढ़ाया उत्साह

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शौर्य दल ने भी मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। पुलिस बैंड और वात्सल्य स्कूल बैंड ने देशभक्ति की मनमोहक धुनें बजाकर मुख्य अतिथि को सलामी दी।

मीसाबंदियों का किया गया सम्मान

समारोह में जिले के मीसाबंदियों और उनके परिजनों को भी सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान दिया।

96 उत्कृष्ट लोगों को मिला सम्मान

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री लखन पटेल, विधायक मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, कलेक्टर अंशुल गुप्ता और एसपी रोहित काशवानी ने चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया। जिला मुख्यालय के समारोह में सोशल मीडिया हैंडलर हरेकृष्णा सेन सहित कुल 96 चयनित लोगों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले दलों के सदस्यों को भी पुरस्कार दिए गए।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का समापन

समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मीडियाकर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

Ram Tiwari
By Ram Tiwari
icon

Latest Posts