Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

दमोह में बारिश के बीच शान से लहराया तिरंगा, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां

दमोह में स्वतंत्रता दिवस समारोह भारी बारिश के बीच उत्साह से मनाया गया। मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने तहसील मैदान में तिरंगा फहराया और जिले की विकास योजनाओं की जानकारी दी। 74 करोड़ की सड़क परियोजना, 657 गांवों में जल आपूर्ति और 355 करोड़ के मेडिकल कॉलेज का जिक्र हुआ। अधिकारी-कर्मचारी और लोकतंत्र सेनानी सम्मानित हुए।
Follow on Google News
दमोह में बारिश के बीच शान से लहराया तिरंगा, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां
दमोह में स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में राज्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण

दमोह। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दमोह के तहसील मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों व दमोह जिले के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। भारी बारिश के बावजूद समारोह में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।

बारिश के बीच उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

समारोह में बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थी और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। लगातार बारिश के बावजूद लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व में भाग लिया। राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी यह दिखाती है कि जिले के नागरिकों में देशभक्ति की भावना कितनी मजबूत है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में आने वाले समय में दमोह जिले की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

/img/15/1786800660016

74 करोड़ से ज्यादा की सड़क परियोजना को मंजूरी

मुख्य समारोह में जिले के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मंत्री लोधी ने बताया कि मडियादों-बर्धा-किशनगढ़ मार्ग के 27.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण के लिए 74 करोड़ 44 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के तहत 100.52 किलोमीटर लंबाई के 21 मार्गों का निर्माण करीब 147 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से चल रहा है।

657 गांवों तक पहुंच रहा पानी

जल आपूर्ति के क्षेत्र में दमोह-पटेरा और जबेरा-तेंदूखेड़ा समूह जल प्रदाय योजनाओं का काम पूरा होने की जानकारी दी गई। इन योजनाओं से जिले के 657 गांवों में जल प्रदाय किया जा रहा है। सिंचाई परियोजनाओं की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि सतधरु मध्यम सिंचाई परियोजना में बांध का काम 100 प्रतिशत और नहर का काम 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। पारना जलाशय में बांध का 87 प्रतिशत और दादपुर स्टॉप डेम का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

Breaking News

शिक्षा के क्षेत्र में भी निर्माण कार्य जारी

मंत्री ने बताया कि जिले के 6 सांदीपनि विद्यालयों में फिनिशिंग का काम नवंबर-दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। वहीं 18 पीएमश्री विद्यालयों में अटल लैब और खेल मैदान का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा 12 हायर सेकेंडरी स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है।

355 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मंत्री ने बताया कि 355 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से नवीन चिकित्सा महाविद्यालय भवन का निर्माण पूरा कराया गया है। इसके साथ ही 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 29 उप स्वास्थ्य केंद्र और 4 बीपीएचयू भवनों के निर्माण एवं विकास कार्य किए गए हैं। जिला अस्पताल में 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निर्माण भी कराया गया है।

मुख्यमंत्री का लाइव संदेश देखा और सुना

समारोह में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। मौजूद लोगों ने भोपाल में आयोजित मुख्य समारोह की झलकियां भी देखीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जन-विश्वास और जन-संवाद सुशासन के महत्वपूर्ण आधार हैं। अभियान का लक्ष्य ‘न देरी, न दूरी’ रखा गया है।

4.38 लाख करोड़ रुपये के बजट का जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4 लाख 38 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने किसान कल्याण वर्ष, किसानों को चार गुना मुआवजा, प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।

/img/15/1786800693053

लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना की जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना करीब 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के सशक्तीकरण का माध्यम बनी है। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना से प्रदेश की 53 लाख 55 हजार से अधिक बेटियां जुड़ी हैं।

1500 विद्यार्थियों ने किया पीटी प्रदर्शन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के करीब 1500 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी और व्यायाम प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के प्रदर्शन ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।

बारिश के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम

सांदीपनि विद्यालय और सेंट नॉर्बर्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हालांकि तेज बारिश के कारण कार्यक्रम प्रभावित हुआ। अतिथियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें अपने पास बुलाकर उनका हौसला बढ़ाया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

समारोह में राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और सांसद राहुल सिंह लोधी ने पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक जयंत मलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

लोकतंत्र सेनानियों को भी किया सम्मानित

कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों का भी सम्मान किया गया। राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और सांसद राहुल सिंह लोधी ने उन्हें माला पहनाकर शॉल और श्रीफल भेंट किया।

Dheeraj Jonsan
By Dheeraj Jonsan
icon

Latest Posts