सोहागपुर के ASI गणेश राय को मिला केंद्रीय गृहमंत्री का अति उत्कृष्ट सेवा पदक

सोहागपुर। थाना सोहागपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) गणेश राय को पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए केंद्रीय गृहमंत्री का अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। वर्ष 2023 में दी गई उनकी सेवाओं के आधार पर उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में पदक की घोषणा की गई थी।
15 अगस्त समारोह में मंत्री ने किया सम्मानित
पुलिस मुख्यालय भोपाल से जिला स्तर पर पदक प्राप्त होने के बाद 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में एएसआई गणेश राय को सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन नर्मदापुरम में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने उन्हें अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. सीता शरण शर्मा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी साईं कृष्ण थोटा और राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नर्मदापुरम संभाग से अकेले अधिकारी का चयन
वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश में 125 अधिकारी-कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक और 168 अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चुना गया था। नर्मदापुरम संभाग के नर्मदापुरम, हरदा, रायसेन और बैतूल जिलों में थाना स्तर से अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित होने वाले गणेश राय अकेले अधिकारी रहे।
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
पुलिस विभाग में सेवाकाल के दौरान गणेश राय को पहले भी कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश की प्रशंसा, डीजीसीआर, कर्मवीर योद्धा सहित विभिन्न प्रशस्ति पत्र और पदक प्राप्त हो चुके हैं। उनकी कार्य के प्रति निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव को देखते हुए अति उत्कृष्ट सेवा पदक को उनके पुलिस सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
अधिकारियों और नागरिकों ने दी बधाई
गणेश राय को प्रतिष्ठित पदक मिलने पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, थाना सोहागपुर के अधिकारी-कर्मचारियों और क्षेत्र के नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी। उनकी इस उपलब्धि से सोहागपुर पुलिस विभाग में भी खुशी का माहौल है।
बोले गणेश राय- यह पल हमेशा याद रहेगा
सम्मान मिलने के बाद एएसआई गणेश राय ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवाओं के लिए अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त करना उनके लिए बेहद गरिमामय और यादगार पल है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस सेवा में कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ काम करने का परिणाम है। गणेश राय ने पदक के चयन में भूमिका निभाने वाली जिला और राज्य स्तर की ज्यूरी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।













