शिवपुरी। जिले की बैराड़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 3500 रुपए प्रति ग्राम में स्मैक खरीदकर 10 हजार रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से बेच रहे थे। वे दो साल से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे।
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के अनुसार मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सिद्ध बाबा स्थान, बरोद रोड बैराड़ पर दो युवक स्मैक बेचने के लिए खड़े हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां बताए गए हुलिए के दो संदिग्ध युवक मिले। पूछताछ में उनहोंने अपने नाम आशिक पुत्र शिशुपाल रावत 20 वर्ष निवासी बैराड़ और टिंकल उर्फ शेरा पुत्र रामेश्वर रावत 20 वर्ष निवासी कालामढ़ बैराड़ बताए। तलाशी के दौरान आशिक के पास से 32.29 ग्राम और टिंकल के पास से 23.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 55.99 ग्राम स्मैक की कीमत करीब 11.5 लाख रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे करीब दो साल से स्मैक का अवैध कारोबार कर रहे थे। वे शिवपुरी से 3500 रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से स्मैक खरीदकर उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर 10 हजार रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से बेचते थे। मुनाफा आपस में बराबर बांट लेते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। साथ ही आरोपियों द्वारा बताए गए अन्य सप्लायरों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।