सिंगरौली:प्रेम संबंध का खौफनाक अंत, शादी के दबाव से परेशान मामी ने भांजे की गला घोंटकर की हत्या

सिंगरौली जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोरवा थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी रिश्ते की मामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। मृतक लगातार शादी का दबाव बना रहा था जिससे परेशान होकर महिला ने उसकी हत्या कर दी।
कार में मिला था युवक का शव
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की सुबह भगत सिंह कॉलोनी निवासी सत्यप्रकाश गुप्ता का शव उनकी कार में मिला था। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई।
जांच में महिला पर गया शक
पुलिस जांच के दौरान मृतक के संपर्क में रहने वाली प्रिया गुप्ता पर संदेह गहराया। पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के बाद महिला ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला रिश्ते में मृतक की मामी लगती है और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।
ये भी पढ़ें: अविवाहित बेटी के बच्चे को नाना ने गोबर के ढेर में दफनाया, फिर खुद भी खाया जहर, पड़ोसियों के शक से हुआ खुलासा
शादी के दबाव से परेशान होकर की हत्या
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक लगातार महिला पर शादी करने का दबाव बना रहा था। महिला ने कई बार शादी से इनकार किया लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। लगातार बढ़ते दबाव से परेशान होकर महिला ने कथित तौर पर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
सड़क हादसा दिखाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की भी कोशिश की। पुलिस के अनुसार, रात करीब 3 बजे महिला ने शव को कार की ड्राइविंग सीट पर रख दिया ताकि मामला सड़क हादसे जैसा लगे और किसी को हत्या का शक न हो। हालांकि पुलिस की जांच में कई ऐसे सुराग मिले, जिनसे मामला हत्या का निकला और आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur Crime : बहन से छेड़छाड़ का किया विरोध, तो पीट-पीटकर करदी 9 साल के मासूम की हत्या
आरोपी महिला गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा और व्यक्तिगत विवादों से जुड़े गंभीर अपराधों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।












