बीकॉम डिग्री लेकर चला रहा था अस्पताल: सिमरोल में झोलाछाप डॉक्टर पर केस, क्लीनिक सील कर दवाइयां जब्त

पांच बेड पर भर्ती मिले मरीज, बिना वैध मेडिकल डिग्री के एलोपैथिक इलाज कर रहा था संचालक; हाई एंटीबायोटिक और स्टेरॉयड दवाइयां बरामद।
Follow on Google News
 सिमरोल में झोलाछाप डॉक्टर पर केस, क्लीनिक सील कर दवाइयां जब्त

इंदौर के समीप महू के सिमरोल क्षेत्र में वर्षों से संचालित एक अवैध क्लीनिक पर सोमवार शाम स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि बीकॉम की डिग्री रखने वाला व्यक्ति मरीजों को भर्ती कर एलोपैथिक इलाज कर रहा था। टीम ने क्लीनिक को सील कर संचालक के खिलाफ सिमरोल थाने में केस दर्ज कराया है।

/img/67/1779762529349

मेडिकल और स्टोर किया सील

 

केवल बीकॉम की शैक्षणिक योग्यता

सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी और एसडीएम राकेश परमार के निर्देशन में स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की टीम ने सिमरोल के मुख्य चौराहे पर संचालित “जयगुरु क्लीनिक” की जांच की। क्लीनिक का संचालन सुंदरलाल देवचंद्र द्वारा किया जा रहा था। जांच में पता चला कि संचालक के पास केवल बीकॉम की शैक्षणिक योग्यता और वर्ष 1995-96 के जन स्वास्थ्य रक्षक प्रशिक्षण का प्रमाण था, लेकिन वह एलोपैथिक इलाज कर रहा था। मौके पर टीम को क्लीनिक में पांच बेड लगे मिले, जिन पर मरीज भर्ती थे और उनका इलाज जारी था।

दवाइयां जब्त

अधिकारियों ने मरीजों से भी पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान टीम को मल्टी विटामिन, स्टेरॉयड और हाई एंटीबायोटिक दवाइयों का उपयोग होते मिला। जांच में यह भी सामने आया कि क्लीनिक के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अस्पताल संचालन से संबंधित जरूरी प्रमाणपत्र भी नहीं थे। बीएमओ डॉ. योगेश सिंगारे और नायब तहसीलदार यशदीप रावत की मौजूदगी में क्लीनिक और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया तथा दवाइयां जब्त कर ली गईं।

गांवों में फैला झोलाछाप नेटवर्क

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सिमरोल, आंबाचंदन, दतोदा, शिवनगर, घोसीखेड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में 25 से अधिक अवैध क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। यहां झोलाछाप डॉक्टर मरीजों का इलाज कर उनकी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts