सीधी में अमिलिया-हनुमना मार्ग पर गिरा पहाड़ का हिस्सा, 24 मजदूरों ने भागकर जान बचाई

सीधी। जिले के अमिलिया-हनुमना मार्ग पर स्थित कैमोर मूड़ा पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा रविवार शाम करीब 4 बजे अचानक भरभराकर निर्माणाधीन सड़क पर आ गिरा। हादसे के वक्त मौके पर करीब दो दर्जन मजदूर काम कर रहे थे, जिन्होंने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी मजदूर सुरक्षित बच निकले। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों हुई बारिश के कारण कैमोर मूड़ा पहाड़ के पास सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क निर्माण कंपनी जीवीआर (GVR) द्वारा बीते एक माह से यहां सुधार व मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। पहाड़ खिसकने की घटना के बाद सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इस गंभीर स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
हो सकता था बड़ा हादसा
ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा मार्ग प्रतिबंधित किए जाने के बावजूद यहां से चार पहिया वाहन लगातार आवाजाही कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मलबा गिरने के दौरान कोई वाहन वहां से गुजर रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ये भी पढ़ें: सीधी कन्या महाविद्यालय में 200 छात्राओं को बंधक बनाने के आरोप पर हंगामा, NSUI-ABVP आमने-सामने
जब मार्ग पर आना-जाना प्रतिबंधित है तो वाहन कैसे निकल रहे?
स्थानीय ग्रामीण अम्बुज पटेल ने कहा कि जब प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग पर आना-जाना प्रतिबंधित कर रखा है, तो चार पहिया वाहन वहां से कैसे निकल रहे हैं? शुरुआत में पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन बाद में सुरक्षा हटा ली गई। यदि दोबारा पहाड़ी दरकी तो यात्रियों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
भारी वाहन निकलते पाए जाते हैं तो सख्त कार्रवाई करेंगे
इस संबंध में सिहावल एसडीएम राकेश शुक्ला ने कहा कि मार्ग पर सुधार कार्य लगातार जारी है और बड़े वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। यदि प्रतिबंध के बावजूद भारी या अनाधिकृत वाहन चलते पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है और जल्द ही मौके पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।




















