सिवनी:श्री ज्ञानरत्न अकादमी में छात्र संगठन शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
सिवनी मालवा। नगर के बायपास मार्ग स्थित श्री ज्ञानरत्न अकादमी में नव-मनोनीत छात्र संगठन के लिए शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि संगीता यादव (बी.आर.सी., सिवनी मालवा) द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को पहनाए गए बैज और सैश
समारोह के दौरान विद्यालय के नवनियुक्त हेड बॉय यश रघुवंशी और हेड गर्ल तेजस्वी सोनी सहित विभिन्न हाउस मिनिस्टर्स एवं अन्य निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि संगीता यादव और विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीना लुईस ने सभी छात्र पदाधिकारियों को आधिकारिक बैजेस (Badges) और सैश पहनाकर उनके नए दायित्वों की जिम्मेदारी सौंपी।
ये भी पढ़ें: जबलपुर में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद: दोस्त को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
अभिभावकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
इस विशेष अवसर पर छात्र पदाधिकारियों के अभिभावक भी समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने तालियों की गूंज के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि छात्र संगठन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
छात्र नेताओं ने ली जिम्मेदारी निभाने की शपथ
समारोह के अगले चरण में सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को पूरे वर्ष ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। छात्र नेताओं ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और अपने पद की गोपनीयता बनाए रखने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज: पूर्व एसडीएम की विदाई ओर नवागत का हुआ स्वागत समारोह आयोजित
विद्यालय प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
विद्यालय प्रबंधक एवं शिक्षकों ने सभी नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का अवसर है।
Edited By: Sumit Shrivastava
















