शहडोल में बंद मकान से मां-बेटी के शव मिले, पति पर दोहरे हत्याकांड का संदेह
शहडोल। गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में गुरुवार को बंद मकान से मां और बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव करीब पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना रिश्तेदार को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान रुचि रजक (30) और उसकी मां सावित्री रजक (50) के रूप में हुई है। सावित्री सीधी जिले के मझौली की रहने वाली थीं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को रुचि के पति पर हत्या का संदेह है। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
बेटी को मायके ले जाने पहुंची थी मां
पुलिस के अनुसार रुचि की शादी वर्ष 2025 में नवागांव में हुई थी। रविवार को उसकी मां सावित्री बेटी को मायके ले जाने के लिए नवागांव पहुंची थीं। इसी दौरान रुचि के पति से किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक विवाद के बाद आरोपी को रविवार रात गांव से जाते हुए देखा गया था। इसके बाद मकान बाहर से बंद मिला। पांच दिन तक घर बंद रहने के बाद पड़ोसियों को जब तेज दुर्गंध आई तो उन्होंने अहमदाबाद में रह रहे रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाले शव
रिश्तेदार की सूचना पर डायल-112 और गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मकान का ताला बाहर से लगा हुआ था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में दोनों महिलाओं के शव क्षत-विक्षत हालत में मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहडोल में 1 किमी पहले रुकी एंबुलेंस, बैलगाड़ी से घर पहुंचाया महिला का शव
पति पर हत्या का संदेह, तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक जांच में रुचि के पति पर ही हत्या का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार रविवार को विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिए जाने और फिर मकान में बाहर से ताला लगाकर आरोपी के फरार होने की आशंका है। शहडोल सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






















