Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

12 घंटे में लूट का खुलासा, सिवनी मालवा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; मोबाइल-नकदी और चाकू बरामद

सिवनी मालवा में लूट की वारदात का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। दो आरोपी गिरफ्तार हुए, मोबाइल, नकदी, बाइक और चाकू बरामद किया गया।
12 घंटे में लूट का खुलासा, सिवनी मालवा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; मोबाइल-नकदी और चाकू बरामद
सिवनी मालवा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

सिवनी मालवा। सिवनी मालवा पुलिस ने लूट की एक वारदात का 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू की है।

अस्पताल के सामने वाली गली में हुई थी लूट

पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को देवल मोहल्ला निवासी 47 वर्षीय देवेंद्र कुमार जांगड़े ने थाना सिवनी मालवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि रात के समय सरकारी अस्पताल के सामने वाली गली में दो युवकों ने उन्हें रोककर मोबाइल फोन और पैसे छीन लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की।

संभावित ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की और आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने अन्नू उर्फ आशीष कुचबंदिया और राजा कुचबंदिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अन्नू उर्फ आशीष कुचबंदिया (22) और राजा कुचबंदिया (20) के रूप में हुई है। दोनों सिवनी मालवा के कुचबंदिया मोहल्ले के निवासी बताए गए हैं।

मौका मुआयना कराने ले जा रही थी पुलिस

बुधवार को पुलिस दोनों आरोपियों को वारदात वाले स्थान पर मौका मुआयना कराने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान रेवा कॉम्प्लेक्स के पास पुलिस वाहन अचानक बंद हो गया। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पांडे की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को पैदल ही घटनास्थल तक ले जाया गया। पुलिस के साथ पैदल जाते समय दोनों आरोपियों के चेहरे ढके हुए थे। इसी दौरान उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं अब नहीं करेंगे लूट, नहीं तो पुलिस देगी कूट।

अन्नू के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अन्नू उर्फ आशीष कुचबंदिया के खिलाफ सिवनी मालवा थाने में पहले से कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 692/2021, 658/2023, 123/2026, 412/2026, 631/2026 और वर्तमान अपराध क्रमांक 632/2026 दर्ज होना बताया गया है। पुलिस अब मामले में आरोपियों से पूछताछ के साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

झीरम घाटी कांड में बड़ा फैसला,10 दोषियों को मृत्युदंड, 13 साल बाद NIA कोर्ट का सख्त फैसला

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय सिवनी मालवा में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(3), 296(b), 115(2), 351(3) और 3(5) सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया गया है।

युवाओं के लिए सीएम योगी का बड़ा ऐलान, UP में अगले 6 महीने में एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

पुलिस टीम की रही भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पांडे, उप निरीक्षक नागेश कुमार वर्मा, सहायक उप निरीक्षक उमेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रीतम बाबरिया और आरक्षक अभिषेक आठले की भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टीम ने शिकायत मिलने के बाद तेजी से जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार किया।

SANDEEP THAKUR
By SANDEEP THAKUR

SEONI MALWA

Latest Posts