सीहोर के चिंताहरण गणेश मंदिर में खाद्य विभाग की छापेमारी, पुरानी मिठाई मिली तो मचा हड़कंप

सीहोर। चिंताहरण गणेश मंदिर में 12 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर में दर्शन के साथ लोग प्रसाद के लिए लड्डू और अन्य मिठाइयां भी खरीद रहे हैं। इसी बीच बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंदिर के आसपास प्रसाद और खाद्य सामग्री की दुकानों की अचानक जांच की।
कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में एक दुकान पर पुरानी मिठाइयां मिलीं। अधिकारियों ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा तले हुए खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल हो रहा काला और बार-बार इस्तेमाल किया गया तेल भी फिंकवा दिया गया।
पुरानी मिठाई मिली तो मौके पर कराया नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलिन पन्ना के नेतृत्व में टीम ने मंदिर के पास स्थित राधे-राधे प्रसाद भंडार की जांच की। यहां बिक्री के लिए रखी पुरानी मिठाइयां मिलीं। अधिकारियों ने इन्हें श्रद्धालुओं को बेचे जाने से पहले ही मौके पर नष्ट करा दिया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के प्रसाद विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया।
बूंदी के लड्डू का सैंपल जांच के लिए भेजा
टीम ने दुकान से बूंदी के लड्डू का सैंपल भी लिया। इसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लड्डू खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। विभाग ने दुकानदारों को ताजा और सुरक्षित मिठाइयां ही बेचने के निर्देश दिए हैं।
दूसरी दुकान से लड्डू और मोदक के नमूने लिए
खाद्य विभाग की टीम ने पास स्थित प्रथम श्री प्रसाद भंडार की भी जांच की। यहां से बेसन के लड्डू और मोदक के नमूने लिए गए हैं। दोनों नमूनों को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
काला और पुराना तेल भी फिंकवाया
मंदिर के आसपास समोसे, कचौड़ी और अन्य तले हुए खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों की भी जांच की गई। इस दौरान कुछ जगहों पर एक ही तेल को बार-बार इस्तेमाल करने की बात सामने आई। तेल काफी काला हो चुका था। अधिकारियों ने तीन बार से ज्यादा इस्तेमाल किए गए तेल को मौके पर ही फिंकवा दिया।
दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलिन पन्ना ने प्रसाद विक्रेताओं और खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को साफ निर्देश दिए कि स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे, इसलिए निगरानी जरूरी
गणेश उत्सव के दौरान चिंताहरण गणेश मंदिर में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रसाद और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता महत्वपूर्ण हो जाती है। विभाग की कार्रवाई के बाद मंदिर क्षेत्र में खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों की निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।




















