ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज ने लिया खूनी मोड़, छिंदवाड़ा में बड़े भाई की हत्या; छोटा भाई ICU में

छिंदवाड़ा के उमरेठ थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग और बढ़ते कर्ज को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। हेटी गांव में रात करीब 2 बजे हुए विवाद में 58 वर्षीय राम गणेश पवार की मौत हो गई। घटना में उनका छोटा भाई चंदू पवार (31) गंभीर रूप से घायल हुआ है और ICU में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, वारदात का आरोप अरुण पवार (33) पर है। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
पहले लिया 12 लाख का लोन
जानकारी के अनुसार, अरुण को उसके पिता ने करीब 12 लाख रुपए का लोन लेकर राशि दी थी। इसके बाद खेत के खाते से भी लोन कराया गया। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन गेमिंग के चलते अरुण पर कर्ज बढ़ता गया और वह परिवार से लगातार पैसों की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। तीजा की रात भी विवाद हुआ था। इसके बाद बुधवार रात एक बार फिर परिवार में विवाद हुआ और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
पत्नी-बेटी के सामने हुआ विवाद
बताया गया कि अरुण अपनी पत्नी और बेटी के साथ छिंदवाड़ा में रहता था। घटना के समय परिवार के लोग घर पर मौजूद थे। इसी दौरान हुए विवाद में राम गणेश पवार की मौत हो गई, जबकि चंदू पवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, इससे पहले पारिवारिक विवाद को लेकर अरुण की पत्नी समेत परिजनों ने उमरेठ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद अरुण की ओर से आत्महत्या करने की बात वाला वीडियो जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
जेवर और नकदी लेकर फरार होने की जानकारी
वारदात के बाद अरुण के घर से जेवर और नकदी लेकर फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद विवाद, कर्ज और घटना के पीछे के पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद उमरेठ पुलिस ने जांच शुरू कर दी। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। मामले में BNS की धारा 103(1) और 109(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब ऑनलाइन गेमिंग, कर्ज, परिवार से पैसों की मांग और पहले हुए विवाद समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




















