कटनी में तिरपाल के नीचे पढ़ रहे नौनिहाल, जर्जर स्कूल भवन के बाद निजी परिसर में लगी कक्षा

कटनी के बड़वारा विकासखंड के बम्हनगांव की शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों को सुरक्षित छत तक नसीब नहीं है। स्कूल का मूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चों की कक्षाएं एक निजी मकान के परिसर में शिफ्ट कर दी गई हैं। यहां दीवार के सहारे और तिरपाल लगाकर बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। बारिश के मौसम में खुले परिसर में चल रही यह पाठशाला बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है।
जर्जर भवन में बैठना था खतरनाक
स्कूल का पुराना भवन काफी जर्जर हो चुका है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अधिकारियों के निर्देश पर कक्षाएं वहां से हटाकर निजी परिसर में संचालित की जा रही हैं। मौजूदा व्यवस्था में एक तरफ दीवार और दूसरी तरफ तिरपाल है। बारिश होने पर पानी अंदर आने का खतरा रहता है। वहीं तेज हवा में तिरपाल भी सुरक्षित नहीं रहती।
सांप-बिच्छू का भी खतरा
ग्रामीणों के अनुसार, खुले परिसर के आसपास झाड़ियां और खाली जगह है। ऐसे में बारिश के मौसम में सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों को ऐसी जगह बैठाकर पढ़ाना चिंता का विषय है। स्कूल परिसर में बाउंड्रीवॉल और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं है।
कई बार अधिकारियों को दी जानकारी
शाला के प्रभारी प्राचार्य राकेश तिवारी ने बताया कि स्कूल का मूल भवन बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ही कक्षाओं को अस्थायी रूप से निजी परिसर में शिफ्ट किया गया है। उनके मुताबिक, भवन की मरम्मत और जीर्णोद्धार के लिए विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने की सुरक्षित भवन की मांग
स्थानीय नागरिक राजाराम पटेल समेत ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल की व्यवस्था जल्द सुधारने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के लिए स्कूल सिर्फ पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित वातावरण भी होना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि अगर पुराने भवन की मरम्मत संभव नहीं है तो नया स्कूल भवन बनाया जाए। तब तक ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, जहां बच्चे बारिश और जहरीले जीवों के खतरे से सुरक्षित रहकर पढ़ाई कर सकें।
कलेक्टर ने कहा- जांच कराएंगे
मामले में कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली है। उन्होंने मामले की जांच कराकर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।




















