सिवनी मालवा: शराब में मिलावट या कुछ और? बानापुरा की दुकान पर उठे सवाल, CM तक पहुंचा मामला

सिवनी मालवा। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा के बानापुरा में स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में कथित मिलावट का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक मामला गरमा गया है। शराब में मिलावट का वीडियो वायरल होने के बाद नगर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
CM के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी ने नगर अध्यक्ष स्वदेश शर्मा के नेतृत्व में एसडीएम विजय राय को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने मांग की कि मामले की जांच आबकारी विभाग के बजाय किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराई जाए, ताकि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके।
शराब के सैंपल की जांच की मांग
कांग्रेस ने दुकान से शराब के नमूने लेने और उन्हें अधिकृत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की मांग की है। साथ ही जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग रखी गई है। ज्ञापन में कांग्रेस ने निर्धारित कीमत से ज्यादा राशि वसूलने और ग्राहकों के मांगने पर बिल नहीं देने की शिकायतों का भी उल्लेख किया है।
स्टॉक और लाइसेंस की जांच की मांग
कांग्रेस ने शराब दुकान के स्टॉक, बिक्री, संचालन और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि यदि जांच में शराब में मिलावट या अन्य अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने कहा कि यदि आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो भविष्य में संबंधित ठेकेदार को ठेका देने पर रोक लगाने या नियमों के अनुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने जांच पूरी होने तक नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी।
ज्ञापन के दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा, नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैरिसन स्वामी, राजेन्द्र रघुवंशी, देवेंद्र रघुवंशी, सुशील गौर, आकाश दर, मो. फारूक, राजू खा, मुकेश तंवर, उस्मान शाह, रिंकू रघुवंशी, योगेश तिवारी, अंकित मालवीय, दीपक गोस्वामी, शमीउल्लाह शाह, नौशाद खान, प्रशांत गोस्वामी, देवेंद्र यदुवंशी सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















