Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना: बिजली लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, दुर्गा विसर्जन से लौट रहे 25 लोग झुलसे

सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हादसा हो गया। पतेरिया गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में 11 केवी हाईटेंशन लाइन का करंट उतरने से 25 लोग झुलस गए, जिनमें दो बच्चियों की हालत गंभीर है।
सतना: बिजली लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, दुर्गा विसर्जन से लौट रहे 25 लोग झुलसे
सतना: बिजली लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली

सतना। हादसे के दौरान ट्रॉली में प्रतिमा बांधने के लिए लगाए गए लोहे के पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे करंट फैल गया। सभी घायलों को कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसी दो बच्चियों को सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पतेरिया गांव के पास हुआ हादसा

सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पतेरिया गांव के पास गुरुवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट उतर गया। हादसे में 25 लोग झुलस गए, जिसके बाद सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी ले जाया गया।

ये भी पढ़ें: जबलपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट से 2 युवकों की मौत, 8 झुलसे

लोहे के पाइप बिजली लाइन से टकराए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोठी कस्बे के वार्ड क्रमांक 14 और 15 के श्रद्धालु देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। वापसी के दौरान ट्रॉली में प्रतिमा बांधने के लिए लगाए गए करीब 8 फीट ऊंचे तीन लोहे के पाइप ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे ट्रॉली में करंट फैल गया।

करंट फैलते ही मची चीख-पुकार

बिजली का करंट फैलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ लोग तुरंत ट्रॉली से नीचे कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद राहगीरों ने वहां से गुजर रहे एक ऑटो को रोककर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

दो बच्चियों की हालत गंभीर

हादसे में अंजलि कोरी (17) और आंचल कोरी (15) गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों में महिमा कोरी (17), अनिल कोरी (34), खुशी कोरी (15), अंशिका कोरी (10), सरस्वती कोरी (19), रोहित कोरी (14) और मंजली कोरी (16) शामिल हैं।

Breaking News

कोठी अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनुराग सिंह बागरी ने बताया कि अस्पताल में करीब 20 घायलों को लाया गया था। अधिकांश लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 7 घायलों का कोठी अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts