सलमान अली आगा पर गिरेगी PCB की गाज!जल्द जा सकती है कप्तानी, खराब परफॉर्मेंस बनी वजह

स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इसकी खास वजह उनका हालिया टी-20 वर्ल्ड कप परफार्मेंस बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कप्तान सलमान अली आगा को कप्तानी से हटाया जा सकता है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने दावा किया है कि टीम के कई वरिष्ठ खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट आखिरी साबित हो सकता है।
PCB अध्यक्ष टीम परफार्मेंस से निराश
रिपोर्ट के मुताबिक, टी-20 विश्व कप में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए टीम में बदलाव की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानि कि PCB के अध्यक्ष मोहसिन नकवी मौजूदा परफार्मेंस से संतुष्ट नहीं हैं और टीम के प्रदर्शन की गहन समीक्षा की जा रही है।
यह भी पढ़ें: RANJI TROPHY FINAL : जम्मू- कश्मीर 67 साल में पहली बार रणजी चैंपियन, आकिब की धारदार गेंदबाजी कर्नाटक पर पड़ी भारी
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को हुई आंतरिक चर्चा में यह साफ संकेत मिले कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी मौजूदा प्रदर्शन से खुश नहीं हैं। वहीं सूत्र ने बताया...नकवी को इस बार चयनकर्ताओं, टीम प्रबंधन और बोर्ड में उनके करीबी सहयोगियों ने भरोसा दिलाया था कि टीम विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन करेगी, लेकिन नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे।
कोच के भविष्य पर होगी चर्चा
बताया जा रहा है कि नकवी ने सलमान अली आगा को टी-20 कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है। इसके अलावा वह मुख्य कोच माइक हेसन और चयन समिति के साथ बैठकर कुछ खिलाड़ियों के भविष्य पर स्पष्ट बातचीत करेंगे। सूत्रों के अनुसार, सलमान के अलावा बाबर आजम, मोहसिन नकवी और कुछ अन्य खिलाड़ियों के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी विश्व कप के बाद विराम लग सकता है।
नई कप्तानी को लेकर चर्चा तेज है और संभावित दावेदारों में तथा शाहीन शाह, शादाब खान के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं। अब सबकी नजरें बोर्ड की अगली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।
पिछले वर्ल्ड कप के बाद भी प्रदर्शन बदला
टी-20 विश्व कप 2024 से बाहर होने के बाद Babar Azam ने 1 अक्टूबर 2024 को कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वर्ष 2020 में उन्हें सभी प्रारूपों का कप्तान नियुक्त किया था और लंबे समय तक टीम की कमान उनके हाथों में रही।
बाबर की कप्तानी में पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। इसके बाद 2022 के टी-20 विश्व कप में टीम फाइनल तक पहुंची, जहां वह खिताब जीतने से चूक गई।











