Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दमोह: ग्राम पंचायत तेजगढ़ में पीएम आवास की किश्त के बदले रिश्वत लेते सचिव और चौकीदार गिरफ्तार

 प्रधानमंत्री आवास की दूसरी किश्त के साथ ही जियो टैगिंग करने के बदले पहली किश्त में 4 हजार रुपए वसूलने के बाद दूसरी किश्त में 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकडे गए
ग्राम पंचायत तेजगढ़ में पीएम आवास की किश्त के बदले रिश्वत लेते सचिव और चौकीदार गिरफ्तार

दमोह। जिले की ग्राम पंचायत तेजगढ़ के सचिव और पंचायत के चौकीदार को प्रधानमंत्री आवास की दूसरी किश्त जारी करवाने और जियो टैगिंग करने के बदले 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते सागर लोकायुक्त की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। इसके पहले ही रिश्वत की पहली किश्त के 4 हजार रुपए आरोपी वसूल चुके थे।

पीड़िता के पति ने की थी रिश्वत मांगने की शिकायत

शिकायतकर्ता महेंद्र कोष्टी पिता अमृतलाल कोष्टी निवासी ग्राम तेजगढ़ जिला दमोह ने सागर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया था। इसमें बताया गया था कि आवेदक की पत्नी उषा कोष्टी के नाम पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है। इसकी दूसरी किश्त जारी करवाने और जियो टैगिंग के बदले पंचायत सचिव जुगराज सिंह लोधी ने 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। रिश्वत नही देने पर किश्त अटकाने और जियो टैगिंग नहीं करने की धमकी दे रहा है। इसमें मदद पंचायत का चौकीदार गुड्डा रायकवार कर रहा है। 

सत्यापन में शिकायत सही पाई गई, ट्रैप दल रवाना किया

रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त सागर योगेश्वर शर्मा ने करवाया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि शिकायत के सत्यापन के दौरान ही पंचायत सचिव ने 4 हजार रुपए की रिश्वत बतौर पहली किश्त वसूल लिए। इसके बाद रिश्वतखोरों को पकड़ने के लिए ट्रैप दल का गठन किया गया। ट्रैप दल में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं निरीक्षक रंजीत सिंह के साथ लोकायुक्त सागर का स्टाफ शामिल करके रवाना किया गया। 

पंचायत आफिस में ही रिश्वत लेते पकड़े गए

आवेदक से 6 हजार रुपए की बकाया किश्त तेजगढ़ पंचायत आफिस में ही लेते हुए सचिव जुगराज सिंह पिता जवाहर लोधी को पकड़ा गया। इसके साथ ही मददगार पंचायत के चौकीदार गुड्डा रायकवार पिता चेतराम रायकवार को भी सह आरोपी बनाकर गिरफ्तारी की गई। मौके से रिश्वत राशि बरामद करके भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। 

Vijay S. Gaur
By Vijay S. Gaur

विजय एस. गौर, पीपुल्स समाचार में रीजनल एडीटर हैं। साथ ही राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, खेती-किसानी,...Read More

Latest Posts