सागर शराब कांड के आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर, पुलिस और नगर पालिका टीम की संयुक्त कार्रवाई

सागर। जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में प्रशासन ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई की। पुलिस और नगर पालिका प्रशासन की संयुक्त टीम करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू के घर पहुंची और वहां किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर तीन जेसीबी मशीनों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
वार्ड 11 और 12 में मकानों पर कार्रवाई
बंडा के वार्ड नंबर 11 और 12 में आरोपियों के मकानों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। चंद्रभान सिंह ततरवारा के एक मकान, आशीष साहू के एक मकान और मनीष लोधी के तीन मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। पुलिस, प्रशासन और बंडा नगर पालिका की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से अब तक 28 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि प्रशासन ने अभी 15 मौतों की पुष्टि की है। कई मरीजों का अस्पतालों में इलाज जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सागर पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की थी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रशासन को खुली छूट दी थी।
मरीजों से पूछताछ के बाद बढ़ी कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों से उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह की जानकारी ली। ज्यादातर मरीजों ने शराब पीने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी।
ये भी पढ़ें: 3 बच्चों वाली प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, घरवालों ने पकड़ा! 30 घंटे रखा कैद, छुड़ाने आई पुलिस को भी पीटा
अवैध शराब जब्त, बिक्री पर लगी रोक
पुलिस ने मामले से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ बड़ी मात्रा में अवैध शराब भी जब्त की। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगी है। इसके साथ ही शराब पीने के बाद बीमार होकर अस्पताल पहुंचने वाले नए मरीजों की संख्या में भी कमी आई है।
अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने शुरुआत में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 9 सितंबर तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की ओर से अवैध शराब की बड़ी मात्रा में जब्ती भी की गई है।
गांवों में लगातार निगरानी
जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी कर रही हैं। लोगों को शराब से दूर रहने के लिए मुनादी के जरिए जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन का फोकस अवैध शराब की बिक्री और इससे जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करने के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने पर है।
ये भी पढ़ें: मैनहंट इंटरनेशनल में छाए MP के निपुण सिंह, अब बड़े पर्दे पर आएंगे नजर? खुद बताया पूरा प्लान




















