35 करोड़ की सौगात!सबलगढ़ को मिला हाईटेक सांदीपनि स्कूल, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया लोकार्पण
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। यहां 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विद्यालय की आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन भी किया गया। सरकार का कहना है कि इस तरह के विद्यालयों का उद्देश्य सरकारी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है।
निजी स्कूलों जैसी सुविधा
लोकार्पण समारोह में अधिकारियों ने बताया कि सांदीपनि विद्यालय को आधुनिक शिक्षा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां छात्रों के लिए विज्ञान प्रयोगशालाएं, समृद्ध लाइब्रेरी, खेल मैदान, संगीत और नृत्य की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। छात्रों के लिए ड्रेस, किताबें, पौष्टिक नाश्ता और भोजन की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही घर से स्कूल तक आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
हर ब्लॉक में आधुनिक विद्यालय
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह सांदीपनि विद्यालय पहले चरण की योजना का हिस्सा है। आने वाले समय में प्रदेश के अन्य ब्लॉकों में भी ऐसे आधुनिक विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। सरकार की योजना प्रत्येक ब्लॉक में एक से तीन सांदीपनि विद्यालय विकसित करने की है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बड़े शहरों जैसी शिक्षा और सुविधाएं मिल सकें।
विकास योजनाओं का किया उल्लेख
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि सबलगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सांदीपनि विद्यालय के साथ केंद्रीय विद्यालय की भी सौगात दी गई है। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य गांव और शहर के बीच शिक्षा की गुणवत्ता का अंतर कम करना है।
ट्रेन और स्वास्थ्य सुविधा
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सबलगढ़ तक रेल सेवा शुरू करने की दिशा में काम जारी है और भविष्य में इसे श्योपुर तक बढ़ाया जाएगा। हालांकि उन्होंने इसकी समय-सीमा नहीं बताई। वहीं, सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार से इस संबंध में चर्चा की जाएगी और जल्द व्यवस्था करने का प्रयास होगा।
ये भी पढ़ें: शासकीय राशि गबन कांड में नया खुलासा: आरोपी के खाते में आए थे ₹13.72 लाख
अवलोकन और पौधारोपण
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी प्रमुख अतिथियों ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
EDIT BY: Aditi Rawat















