Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘यूक्रेन युद्ध खत्म होने की ओर…’पुतिन बोले- अब अंत करीब है, जेलेंस्की से मुलाकात को भी तैयार

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि, यूक्रेन युद्ध अब खत्म होने की ओर है। पुतिन ने जेलेंस्की से मुलाकात के संकेत दिए, लेकिन स्थायी शांति समझौते की शर्त रखी। जानिए रूस-यूक्रेन संघर्षविराम, युद्धबंदी समझौते और ट्रंप की भूमिका की पूरी कहानी।
पुतिन बोले- अब अंत करीब है, जेलेंस्की से मुलाकात को भी तैयार

मॉस्को। चार साल से ज्यादा समय से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ऐसा बयान दिया है, जिसने दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मॉस्को में ‘विक्ट्री डे’ समारोह के दौरान पुतिन ने संकेत दिए कि यूक्रेन युद्ध अब अपने अंत की तरफ बढ़ रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात के लिए भी दरवाजे खुले रखे हैं। 

हालांकि इसके लिए उन्होंने स्थायी शांति समझौते की शर्त भी रख दी। पुतिन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन का संघर्षविराम लागू है।

पुतिन बोले- युद्ध अब खत्म होने की ओर

मॉस्को के रेड स्क्वॉयर में ‘विक्ट्री डे’ परेड के बाद मीडिया से बातचीत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि, मुझे लगता है कि यह मामला अब खत्म होने की ओर बढ़ रहा है। यह पहली बार है जब रूस की ओर से युद्ध समाप्त होने को लेकर इतने स्पष्ट संकेत दिए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों का मानना है कि मॉस्को अब बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की दिशा में बढ़ रहा है।

जेलेंस्की से मिलने को तैयार, लेकिन रखी बड़ी शर्त

पुतिन ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की उनसे मुलाकात के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह मुलाकात तभी होगी, जब दोनों देश स्थायी शांति समझौते के अहम मुद्दों पर पहले सहमति बना लें।

पुतिन ने कहा कि, हम किसी तीसरे देश में मुलाकात कर सकते हैं, लेकिन केवल तब, जब स्थायी शांति समझौते पर सहमति बन जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत आगे बढ़ाने में अमेरिका की भूमिका अहम रही है, लेकिन अंतिम फैसला रूस और यूक्रेन को ही करना होगा।

Breaking News

3 दिन के युद्धविराम के बीच आया बड़ा बयान

रूस ने 9 मई को दूसरे विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की याद में ‘विक्ट्री डे’ मनाया। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच 9 से 11 मई तक तीन दिन के संघर्षविराम की अपील की थी। दोनों देशों ने इसकी पुष्टि भी की थी। हालांकि, संघर्षविराम के दौरान छोटे-मोटे उल्लंघनों के आरोप दोनों पक्षों ने लगाए, लेकिन बड़े हमलों की कोई बड़ी खबर सामने नहीं आई।

1000-1000 युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति

अमेरिका की मध्यस्थता से रूस और यूक्रेन युद्धबंदियों की बड़ी अदला-बदली पर भी सहमत हुए हैं। दोनों देश एक-एक हजार युद्धबंदियों को रिहा करेंगे। पुतिन ने कहा कि रूस अपनी सूची सौंप चुका है और अब यूक्रेन के जवाब का इंतजार है। उन्होंने इसे मानवीय कदम बताते हुए जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

ट्रंप बोले- यह युद्ध खत्म होना चाहिए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्षविराम को युद्ध खत्म होने की शुरुआत बताया। ट्रंप ने कहा कि, मैं चाहता हूं कि यह लड़ाई रुक जाए। यह दूसरे विश्व युद्ध के बाद जान-माल के नुकसान के लिहाज से सबसे भयावह संघर्ष है। उन्होंने रूस और यूक्रेन दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि संघर्षविराम आगे बढ़ना चाहिए।

Featured News

इस बार फीकी रही रूस की ‘विक्ट्री डे’ परेड

हर साल शक्ति प्रदर्शन के लिए मशहूर मॉस्को की ‘विक्ट्री डे’ परेड इस बार काफी अलग नजर आई।

  • रेड स्क्वॉयर पर भारी टैंकों की परेड नहीं हुई।
  • बड़ी स्क्रीन पर मिसाइल और ड्रोन दिखाए गए।
  • यूक्रेन युद्ध में शामिल सैनिकों ने मार्च किया।
  • उत्तर कोरियाई सैनिकों ने भी हिस्सा लिया।

NATO पर फिर बरसे पुतिन

अपने भाषण में पुतिन ने NATO पर रूस के खिलाफ आक्रामक ताकत का समर्थन करने का आरोप लगाया। हालांकि, मीडिया से बातचीत के दौरान उनका लहजा पहले की तुलना में नरम दिखाई दिया। यही वजह है कि उनके बयान को युद्ध खत्म होने की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

ईरान और चीन को लेकर भी दिए संकेत

पुतिन ने ईरान-अमेरिका तनाव जल्द खत्म होने की उम्मीद जताई। इसके अलावा उन्होंने कहा कि, रूस और चीन के बीच बड़ा गैस और तेल समझौता होने के बेहद करीब है। माना जा रहा है कि यह समझौता वैश्विक ऊर्जा राजनीति में बड़ा असर डाल सकता है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts