Republic Day 2026 :₹20 में इंडिया गेट से गणतंत्र दिवस परेड देखने का मौका, जानें कहां से मिलेगा टिकट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच रक्षा मंत्रालय ने 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड, बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और मुख्य बीटिंग रिट्रीट समारोह के टिकटों की बिक्री को लेकर बड़ा ऐलान किया है। भारतीय नागरिक 5 जनवरी 2026 से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट खरीद सकेंगे। टिकट सीमित संख्या में होंगे और पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
किन कार्यक्रमों के लिए मिलेंगे टिकट
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कर्तव्य पथ पर होने वाले तीन बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों के लिए टिकट जारी किए जाएंगे-
26 जनवरी 2026: गणतंत्र दिवस मुख्य परेड
28 जनवरी 2026: बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल
29 जनवरी 2026: बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी
इन सभी कार्यक्रमों के टिकट 5 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेंगे।
क्या है टिकट की कीमत
टिकट की कीमत आम नागरिकों को ध्यान में रखते हुए बेहद किफायती रखी गई है-
गणतंत्र दिवस परेड: ₹20 और ₹100
बीटिंग रिट्रीट फुल ड्रेस रिहर्सल: ₹20
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी: ₹100
ऑनलाइन टिकट कैसे खरीदें
- ऑनलाइन टिकट रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल aamantran.mod.gov.in के जरिए खरीदे जा सकते हैं।
- टिकट रोज सुबह 9 बजे से उपलब्ध होंगे।
- कोटा समाप्त होते ही बिक्री बंद हो जाएगी।
- सभी इवेंट्स के लिए एक ही फोटो पहचान पत्र मान्य होगा।
ऑफलाइन टिकट कहां मिलेंगे
जो लोग ऑनलाइन टिकट नहीं खरीद पाते, उनके लिए दिल्ली में 6 स्थानों पर ऑफलाइन काउंटर बनाए गए हैं। ऑफलाइन टिकट 5 से 14 जनवरी 2026 तक, सुबह 10 बजे से 1 बजे तक और 2 बजे से शाम 5 बजे तक मिलेंगे।
ऑफलाइन टिकट काउंटर:
- सेना भवन (गेट नंबर 5 के पास)
- शास्त्री भवन (गेट नंबर 3 के पास)
- जंतर मंतर (मुख्य गेट)
- संसद भवन (रिसेप्शन)
- राजीव चौक मेट्रो स्टेशन (डी ब्लॉक, गेट 3 और 4)
- कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर 8, कॉन्कोर्स लेवल)
कौन-सा आईडी प्रूफ जरूरी होगा
ऑफलाइन टिकट लेने के लिए मूल फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य है-
आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट या केंद्र/राज्य सरकार द्वारा जारी वैध आईडी।
यह भी पढ़ें: रिश्तों की गर्माहट : राज ठाकरे 20 साल बाद शिवसेना भवन पहुंचें, बोले- महाराष्ट्र को यूपी-बिहार बनाने की कोशिश हो रही
इस बार परेड में क्या होगा खास
इस साल गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार सेना की रिमाउंट एंड वेटरनरी (R&V) कोर के जानवर शामिल होंगे।
- 2 बैक्ट्रियन ऊंट
- 4 जास्कर टट्टू
- ड्रोन निगरानी के लिए प्रशिक्षित 4 शिकारी पक्षी
- स्वदेशी नस्लों के 10 मिलिट्री डॉग (मुधोल हाउंड, राजपालयम, कोम्बई समेत)
77वां गणतंत्र दिवस मनाएगा भारत
भारत 26 जनवरी 2026 को अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। इस मौके पर भव्य सैन्य परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देश की रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। समारोह को लाखों लोग मौके पर और टीवी व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव देखेंगे।
यह भी पढ़ें: Grok AI पर X की सख्ती : अश्लील कंटेंट बनाने पर अकाउंट होगा बैन, भारत सरकार के अल्टीमेटम के बाद फैसला











