Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रानी दुर्गावती विवि बना राजनीति का अखाड़ा, छात्र बोले- पढ़ाई कैसे करें

एक माह से कभी कुलगुरु को हटाने तो कभी मांगों को लेकर चल रहे संगठनों के विरोध- प्रदर्शन
रानी दुर्गावती विवि बना राजनीति का अखाड़ा, छात्र बोले- पढ़ाई कैसे करें

जबलपुर। प्रदेशभर की बड़ी यूनिवर्सिटी में शामिल जबलपुर की रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी इन दिनों सुर्खियों में है। अपनी मांगों और हाल ही में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा बर्खास्त कर्मचारियों को बहाल करने के साथ कुलगुरु को अपात्र बताते हुए उन्हें हटाए जाने की मांग को लेकर कर्मचारी संघ, छात्र संगठन पिछले एक माह से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इन सभी के बीच उन छात्र-छात्राओं की पीड़ा बढ़ गई है, जिनका इस राजनीति से कोई लेना-देना है। विवि में प्रदर्शन के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

व्यवस्था दुरुस्त करने में कसर नहीं छोड़ेंगे: कुलगुरु

इधर विवि के कुलगुरु प्रो. डॉ. राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि विवि में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग से चल रही जांच में हर दस्तावेज पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराए गए हैं। प्रयास है कि विवि प्रशासन जो भी निर्णय ले वो छात्र व कर्मचारी हित में हों। इसी दिशा में काम किया जा रहा है।

ये प्रदर्शन चर्चा में रहे

  • विवि में कुलगुरु की पात्रता पर सवाल, एनएसयूआई ने नकली नोटों का बैग कुलगुरु को भेंट किया।
  • दो गधे लेकर एनएसयूआई ने कुलगुरु को हटाने की मांग की ।
  • एबीवीपी ने विभागों में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर विभागों के प्रभारियों का घेराव किया।
  • उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के बाद बर्खास्त 70 अधिकारी/कर्मचारी के बहाली की मांग।
  • विवि का ही दूसरा कर्मचारी संघ 6 दिन से विरोध प्रदर्शन पर है।
  • एनएसयूआई ने एक बार फेल हुए छात्रों के साथ विवि में शुक्रवार को जमकर हंगामा किया।

प्रदर्शनकारियों पर विवि प्रशासन ने ये की कार्रवाई

विवि प्रशासन ने नकली नोटों के बैग के साथ बैठक के बीच प्रदर्शन कर हंगामे पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के विरुद्ध सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसकी जांच अभी चल रही है।

संगठनोें को छात्र हित के बारे में भी सोचना चाहिए

विवि में आए दिन हो रहे प्रदर्शन और हंगामे के कारण हम छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सभी संगठनों और विवि प्रशासन को हम छात्रों के हित में सोचना चाहिए। -विनय पटेल, छात्र आरडीयू

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts