'रामायणम्' पर फूटा अन्नू कपूर का गुस्सा?साई पल्लवी की कास्टिंग पर उठाए सवाल, बोले- 'पहले समझिए सीता का महत्व'

एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म 'रामायणम्' एक बार फिर सुर्खियों में है। फिल्म के ट्रेलर को लेकर जहां दर्शकों में उत्साह है और रणबीर कपूर व साई पल्लवी की खूब तारीफ हो रही है, वहीं एक्टर अन्नू कपूर ने एक बार फिर इस फिल्म और इसके निर्देशक नितेश तिवारी पर सवाल उठाए हैं। खास तौर पर उन्होंने सीता के किरदार में साई पल्लवी की कास्टिंग पर अपनी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि माता सीता करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं, इसलिए ऐसे किरदारों का चयन बहुत सोच-समझकर होना चाहिए।
4000 करोड़ की 'रामायणम्' की चर्चाएं तेज
'रामायणम्' को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ बताया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। हाल ही में नई दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान फिल्म का ट्रेलर चुनिंदा लोगों को दिखाया गया। अब इसका आधिकारिक ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर देखने वाले कई लोगों ने फिल्म के विजुअल्स, वीएफएक्स और कलाकारों के अभिनय की सराहना की है।
'भाईजान को क्या हुआ?' सलमान खान की नई झलक देख घबराए फैंस, इवेंट में दिखे पहले से काफी दुबले
अन्नू कपूर बोले- कुछ नया बनाइए
अन्नू कपूर ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में 'रामायणम्' पर अपनी राय रखते हुए कहा कि सिर्फ तकनीक के दम पर किसी क्लासिक कहानी को दोबारा पेश करना काफी नहीं है। उन्होंने कहा, कुछ और बनाओ। उसका क्या हुआ? क्या उन्होंने उसे रिलीज कर दिया है? आपको क्या लगता है कि वो क्या बनाएंगे? जो भी बनाएंगे, उसमें रामानंद सागर की 'रामायण' को तकनीकी रूप से बेहतर बना देंगे और उसका दायरा बढ़ा देंगे। अन्नू कपूर का मानना है कि रामायण जैसी महान कथा को दोहराने के बजाय फिल्म में कुछ ऐसा होना चाहिए जो दर्शकों को नई सोच और गहराई दे।
साई पल्लवी की कास्टिंग पर उठाए सवाल
अन्नू कपूर ने सबसे ज्यादा सवाल माता सीता के किरदार को लेकर उठाए। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा, आपको यह समझने की जरूरत है कि आपने सीता के रोल के लिए किसे चुना है। माता सीता की पूजा एक मां के रूप में की जाती है। इस देश में लोग भगवान राम को भगवान नारायण का अवतार मानकर पूजते हैं। इसलिए कास्टिंग पर सवाल उठते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद ही लोग तय करेंगे कि कलाकार अपने किरदारों में कितने सफल रहे।
'फिल्म रिलीज होने दीजिए'
अन्नू कपूर ने कहा कि किसी भी फिल्म का अंतिम फैसला उसकी रिलीज के बाद ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दर्शक खुद तय करेंगे कि फिल्म उनके विश्वास और उम्मीदों पर खरी उतरती है या नहीं। उनके मुताबिक, धार्मिक और पौराणिक विषयों पर फिल्म बनाते समय निर्माताओं को लोगों की भावनाओं का पूरा ध्यान रखना चाहिए।
पहले भी कर चुके हैं 'रामायणम्' की आलोचना
यह पहली बार नहीं है जब अन्नू कपूर ने 'रामायणम्' पर सवाल उठाए हैं। जब साल 2023 में नितेश तिवारी ने इस फिल्म की घोषणा की थी, तभी से अन्नू कपूर इसके खिलाफ अपनी राय रखते आए हैं। उन्होंने उस समय भी कहा था कि धार्मिक विषयों पर फिल्म बनाना आसान काम नहीं है और इसके लिए गहरी समझ की जरूरत होती है।
श्रीमद् रामायण में नजर आएंगे हर चरित्र के अनछुए पहलू, कलाकारों ने साझा किए अपने अनुभव
नितेश तिवारी को लेकर दिया था विवादित बयान
साल 2023 में आज तक को दिए एक इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने नितेश तिवारी पर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, कौन है नितेश तिवारी? क्या है उसकी औकात? हिंदू धर्म का अपमान करना? फिल्म बना रहे हैं? जूते पड़ेंगे उसको। किसी भी धर्म का अपमान इस अस्थिर स्थिति के अंदर नहीं होना चाहिए। पहले धर्म को समझो और फिर उसकी सही समीक्षा करो। अन्नू कपूर का यह बयान उस समय काफी विवादों में रहा था और सोशल मीडिया पर इस पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।
ट्रेलर को मिल रही है अच्छी प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, 'रामायणम्' के ट्रेलर की शुरुआती झलक देखने वाले कई लोगों ने इसकी तारीफ की है। खासकर रणबीर कपूर के भगवान श्रीराम वाले लुक, साई पल्लवी के सीता रूप और फिल्म के भव्य विजुअल्स की चर्चा हो रही है।











