Ayodhya News:राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक, आज ट्रस्ट को मिलेगा नया महासचिव!

अयोध्या। बुधवार को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में स्थाई महासचिव समेत नए ट्रस्टियों के नामों पर फैसला हो सकता है। बैठक से पहले संघ, विश्व हिंदू परिषद और ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों के बीच कई दौर की गोपनीय चर्चाएं हुईं। महासचिव पद के लिए विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल बागड़ा का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। इसके साथ ही ट्रस्ट के खाली पदों पर कई प्रमुख संतों और धर्माचार्यों के नाम भी चर्चा में हैं।
बैठक से पहले अयोध्या में संगठनात्मक हलचल
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक से पहले अयोध्या में संगठनात्मक गतिविधियां लगातार तेज होती दिखाई दीं। सूत्रों के अनुसार ट्रस्ट, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच कई अहम बैठकों का दौर चला। वैदेही भवन परिसर में हुई एक गोपनीय बैठक में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी महाराज, विश्व हिंदू परिषद के प्रबंध समिति सदस्य दिनेश चंद्र और राष्ट्रीय महामंत्री बीएल बागड़ा समेत कई प्रमुख लोग शामिल हुए। इन बैठकों में ट्रस्ट के भविष्य के नेतृत्व और संगठनात्मक व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
भोपाल में शेफ ने की आत्महत्या: पेड़ से लटका मिला शव, सुसाइड नोट बरामद
नए महासचिव के नाम पर बन सकती है सहमति
चंपत राय के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट का स्थाई महासचिव पद खाली है और फिलहाल कृष्ण मोहन अंतरिम महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। माना जा रहा है कि छावनी परिसर में होने वाली बैठक में इस पद पर स्थाई नियुक्ति का फैसला लिया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल बागड़ा का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आया है। अगर सभी पक्षों के बीच सहमति बनती है तो बैठक में उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।.
पिछली बैठक में नहीं बन पाई थी सहमति
महासचिव पद को लेकर चर्चा इससे पहले 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में भी हुई थी। उस समय बीएल बागड़ा के साथ बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दानोदिया का नाम भी सामने आया था। दोनों नेता उस दिन अयोध्या में मौजूद रहे थे, लेकिन ट्रस्ट के भीतर अलग-अलग मत सामने आने के कारण किसी नाम पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। इसी वजह से फैसला टाल दिया गया था। अब माना जा रहा है कि इस बार सभी पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन खाली पदों पर भी होगा फैसला
राम मंदिर ट्रस्ट में इस समय तीन महत्वपूर्ण पद खाली हैं। चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे के साथ ही ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के निधन के बाद इन पदों को भरना जरूरी हो गया है। ट्रस्ट की बैठक में महासचिव के अलावा दो नए ट्रस्टियों के नामों पर भी अंतिम फैसला हो सकता है। संगठन से जुड़े लोगों का मानना है कि नए चेहरों के चयन के साथ ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।












