PlayBreaking News

'राम मंदिर ट्रस्ट की हो स्वतंत्र जांच...'राहुल गांधी और खड़गे ने PM मोदी को लिखा पत्र, दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग

राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। दोनों नेताओं ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच, दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Follow on Google News
राहुल गांधी और खड़गे ने PM मोदी को लिखा पत्र, दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम को ल‍िखा संयुक्त पत्र। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली। अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त पत्र लिखकर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराने की मांग की है।

दोनों नेताओं ने कहा कि, राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था और विश्वास के साथ दान दिया था। ऐसे में अगर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं तो सरकार की जिम्मेदारी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच देश के सामने लाए।

पत्र में क्या कहा राहुल गांधी और खड़गे ने?

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हजारों करोड़ रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी की खबरों से देशभर के लाखों श्रद्धालु खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि जिन लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए दान की, उन्हें यह जानने का अधिकार है कि उनका चढ़ावा किस तरह इस्तेमाल किया गया।

'PM मोदी की चुप्पी स्वीकार्य नहीं'

कांग्रेस नेताओं ने पत्र में कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद संसद में घोषित किया गया था, लेकिन ट्रस्ट के सदस्यों की नियुक्ति केंद्र सरकार ने की थी। पत्र में आरोप लगाया गया कि ट्रस्ट के कई सदस्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद (VHP) और उनसे जुड़े संगठनों से जुड़े रहे हैं। साथ ही ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि वे प्रधानमंत्री के करीबी सहयोगियों में रहे हैं।

राहुल गांधी और खड़गे ने लिखा कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद प्रधानमंत्री की चुप्पी उचित नहीं मानी जा सकती। सरकार की जिम्मेदारी है कि जवाबदेही तय करे और यदि कोई नुकसान हुआ है तो उसकी भरपाई भी सुनिश्चित करे।

Ram Mandir

राहुल और खड़गे ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

अपने पत्र में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री से तीन प्रमुख मांगें की हैं-

1. स्वतंत्र और व्यापक जांच
ट्रस्ट के सभी वित्तीय मामलों की तत्काल स्वतंत्र जांच कराई जाए। जांच में नकद दान, सोना, चांदी और अन्य सभी चढ़ावों के प्रबंधन को शामिल किया जाए।

2. ट्रस्ट के खाते सार्वजनिक किए जाएं
जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट और ट्रस्ट के वित्तीय खाते सार्वजनिक किए जाएं, ताकि हर श्रद्धालु जान सके कि उसके दान का उपयोग किस तरह किया गया।

3. दोषियों पर सख्त कार्रवाई
जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके पद, प्रभाव या राजनीतिक संबंधों की परवाह किए बिना उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

'श्रद्धालुओं का भरोसा कायम रखना सरकार की जिम्मेदारी'

पत्र में कहा गया कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में उससे जुड़े किसी भी वित्तीय विवाद की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है। राहुल गांधी और खड़गे ने लिखा कि सरकार और ट्रस्ट की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करेगी कि वह इस पूरे मामले में कितनी पारदर्शिता और गंभीरता से कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि देशभर के श्रद्धालु इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं और उन्हें पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है।

Rahul Gandhi

कांग्रेस ने क्यों उठाए सवाल?

कांग्रेस का कहना है कि कथित वित्तीय अनियमितताओं की खबरों ने मंदिर निर्माण के लिए दान देने वाले लाखों लोगों के मन में सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी का दावा है कि ऐसे मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार और ट्रस्ट दोनों की जिम्मेदारी है। इसलिए जांच केवल औपचारिक नहीं बल्कि स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के इस पत्र के बाद अब सभी की नजर केंद्र सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की प्रतिक्रिया पर है। 

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts