भोपाल में शेफ ने की आत्महत्या:पेड़ से लटका मिला शव, सुसाइड नोट बरामद

भोपाल। मृतक रामश्रवण पटेल कोलार रोड स्थित एक बंगले में शेफ के रूप में काम करता था। परिजनों का कहना है कि वह लंबे समय से कर्ज और वसूली से परेशान चल रहा था। सुसाइड नोट में उसने ब्याज की मांग और रिकवरी एजेंटों के दबाव का जिक्र किया है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन, कॉल डिटेल और सुसाइड के आधार पर जांच कर रही है।
कलियासोत डेम के पास मिला शव
रातीबड़ थाना क्षेत्र के कलियासोत डेम के पास तेरा शटर इलाके में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान नीलबड़ स्थित बृजधाम कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय रामश्रवण पटेल के रूप में हुई। वह कोलार रोड के एक निजी बंगले में शेफ का काम करता था। मौके से उसकी बाइक और जेब में रखा एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अभिजीत दीपके की अपील: बोले- सोनम सर अनशन तोड़ दें, हम जारी रखेंगे आंदोलन
सुसाइड नोट में कर्ज और ब्याज मांगने का जिक्र
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में रामश्रवण ने लिखा है कि मकान बनाने के लिए उसने बृज पटेल नाम के व्यक्ति से 3.70 लाख रुपये उधार लिए थे। उसका कहना था कि वह पूरी मूल रकम चुका चुका है, लेकिन इसके बाद भी उससे प्रतिदिन 10 हजार रुपये ब्याज की मांग की जा रही थी। नोट में यह भी जिक्र किया गया कि एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट लगातार उससे संपर्क कर दबाव बना रहे थे।
तकादेदार लगातार कर रहे थे परेशान
मृतक के भाई अरुण पटेल ने बताया कि रामश्रवण कर्ज चुकाने के लिए ज्वैलरी तक गिरवी रख चुका था। इसके बावजूद तकादेदार लगातार उस पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहे थे। परिवार का कहना है कि बीते कुछ दिनों से वह डिप्रेशन में था और ठीक से किसी से बात भी नहीं कर रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसे चुनाभट्टी थाने बुलाकर घंटों बैठाया गया और कर्ज चुकाने का दबाव बनाया गया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उनके संज्ञान में ऐसी कोई कार्रवाई नहीं आई है।
Jammu BJP vs Congress : जम्मू में कांग्रेस दफ्तर घेरने पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता, जमकर की नारेबाजी
पुलिस जांच में जुटी
रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव की बात सामने आई है। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि चार दिन पहले रामश्रवण ने जहरीला खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उसकी जान बच गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।












