Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दर्जा प्राप्त मंत्री : निगम-मंडल की ताजपोशी से चमका कई का राजयोग, कुछ नामों ने चौंकाया, जारी है कुर्सीदौड़

डॉ. मोहन यादव सरकार ने लंबे इंतजार के बाद दर्जा मंत्रियों की नियुक्ति को हरी झंडी दिखाकर फिलहाल कुछ दिनों के लिए ब्रेक लिया है। कई अनुभवी दिग्गजों की सत्ता में वापसी हो गई तो कुछ लोगों का इंतजार बाकी है। भोपाल-इंदौर विकास प्राधिकरण, माइनिंग, टूरिज्म और ऊर्जा विकास निगम पर सबकी नजरें हैं।
निगम-मंडल की ताजपोशी से चमका कई का राजयोग, कुछ नामों ने चौंकाया, जारी है कुर्सीदौड़

राजीव सोनी,भोपाल। सत्ता में सहभागिता की खातिर अपनी बारी का इंतजार कर रहे 70 से अधिक भाजपाइयों का राजयोग ऐसा चमका कि कई दावेदार उनकी किस्मत पर रश्क करने लगे। कुछ ऐसे हैं जिनकी अर्से बाद मुख्यधारा में वापसी हुई। संघ बैक ग्राउंड और पर्दे के पीछे रहकर काम कर रहे गुमनाम नायकों की ताजपोशी से सत्ता-संगठन के करीबी भी भौंचक हैं। लॉबिंग और ऊपर तक पूछ-परक रहने से कुछ नेता दूसरी बार उपकृत हो गए जबकि वेटिंग में अटके संगठन गढ़ने वालों की सूची भी लंबी है।

लाख टके का सवाल

मोहन सरकार ने लंबे इंतजार के बाद दर्जा मंत्रियों की नियुक्ति को हरी झंडी दिखाकर फिलहाल कुछ दिनों के लिए ब्रेक लिया है। कई अनुभवी दिग्गजों की सत्ता में वापसी हो गई तो कुछ लोगों का इंतजार बाकी है। निगम मंडल, आयोग, प्राधिकरण, बोर्ड एवं समितियों में अब तक 70 से अधिक नेताओं की ताजपोशी हो चुकी है। सियासी लेंग्वेज में मलाईदार निगम और प्राधिकरण में शुमार माइनिंग, टूरिज्म व ऊर्जा से जुड़े कार्पोरेशन में किसकी लॉटरी खुलेगी यह लाख टके का सवाल बना हुआ है।सबसे रसूखदार माने जाने वाले इंदौर और भोपाल प्राधिकरण अध्यक्ष के लिए कुर्सी दौड़ और एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति बन गई है।

इन्हें है बारी का इंतजार

संघ पृष्ठभूमि के उमाकांत दीक्षित एवं राघवेंद्र गौतम, पूर्व विधायक नरेंद्र बिरथरे, उमेश शुक्ला, अलकेश आर्य के अलावा गिरीश द्विवेदी सिंगरौली, संतोष पारिक होशंगाबाद और हरिसिंह यादव गुना सत्ता-संगठन की तरफ टक-टकी लगाए लगातार देखे जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: वाहन रैली निकालना पड़ा भारी: पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष सौम्य सिंह को नोटिस, अधिकारों पर लगाई रोक

गर्दिश में हैं सियासी सितारे

सत्ता में एकाएक धूमकेतु की तरह चमके कई नेताओं के सितारे फिलहाल गर्दिश में हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक गिर्राज दंडोतिया, जजपाल सिंह जज्जी, मुन्नालाल गोयल, इमरती देवी और कमलेश जाटव सियासी परिदृश्य में एडजस्ट होने की बाट जोह रहे हैं। पार्टी ने भरपूर उपकृत करते हुए पलकों पर बिठाया था,फिलहाल ये हाशिए पर हैं।

सत्ता के साकेत में एकाएक चमके, कुछ दूसरी बार

सियासी संतुलन के नाम पर कई नेताओं की किस्मत चमकी तो कुछ साइड लाइन रह गए। जिन नेताओं का एकाएक राजयोग चमका उनमें सत्येंद्र भूषण सिंह, केशव भदौरिया और पंकज जोशी हैं। संगठन में सक्रिय रहे सत्येंद्र भूषण मूलत: कालपी और भदौरिया इटावा के मूल निवासी हैं। विनोद गोटिया की इस बार तीर्थयात्रा एवं मेला प्राधिकरण में ताजपोशी हुई है।

ये भी पढ़ें: 33 साल के अनुभवों की कहानी: शिवराज सिंह चौहान की किताब ‘अपनापन’, पीएम मोदी संग 33 साल के अनुभवों का अनोखा संकलन

कई नाम अचानक सामने आए

इनके अलावा महिला आयोग अध्यक्ष के रूप में रेखा यादव, गृह निर्माण मंडल ओम जैन उज्जैन, ग्वालियर विकास प्राधिकरण मधुसूदन भदौरिया, सौभाग्य सिंह पाठ्य पुस्तक निगम, वीरेंद्र गोयल सिंगरौली विकास प्राधिकरण, अशोक राय ग्वालियर साडा और एमपी वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉरपोरेशन चेयरमैन संजय नागायच भी हैं। अपेक्स बैंक में महेंद्र यादव व पूर्व सांसद केपी यादव को राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की कमान दी गई है।  दर्जा मंत्री के रूप में हुई ताजपोशी से कई नेताओं के नाम अचानक सामने आए। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts