Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नातरा झगड़ा के नाम पर 30 लाख की मांग; फसल काटकर किया नुकसान, राजगढ़ में चार आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़ में नातरा झगड़ा कुप्रथा के नाम पर 30 लाख रुपए की मांग, फसल नष्ट करने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मांग पूरी नहीं होने पर खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्का की फसल काटकर करीब 5 लाख रुपये का नुकसान किया था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
नातरा झगड़ा के नाम पर 30 लाख की मांग; फसल काटकर किया नुकसान, राजगढ़ में चार आरोपी गिरफ्तार
राजगढ़ में नातरा प्रथा के आराेपी पुलिस गिरफ्त में।

राजगढ़/ खिलचीपुर। राजगढ़ जिले में नातरा झगड़ा जैसी कुप्रथा के नाम पर कथित अवैध वसूली और धमकी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर 30 लाख रुपए की मांग करने और मांग पूरी नहीं होने पर खेतों में खड़ी फसल नष्ट करने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

रुपए नहीं दिए तो मक्का, सोयाबीन की फसल जलाई

मामला ग्राम रामगढ़ निवासी 28 वर्षीय मुकेश पिता हरचन्द तंवर की शिकायत से जुड़ा है। पुलिस को 24 अगस्त 2026 को दी गई शिकायत में मुकेश ने बताया कि उसकी बहन का विवाह ग्राम निपानिया निवासी बनेसिंह तंवर के बेटे नैनकराम से हुआ था। पारिवारिक विवाद के बाद नैनकराम और उसके परिजन नातरा झगड़ा के नाम पर उससे 30 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पहले भी उससे 20 हजार रुपये लिए थे। 30 लाख रुपए की पूरी राशि नहीं देने पर 23 अगस्त की रात आरोपियों ने मुकेश और अन्य ग्रामीणों के खेतों में खड़ी सोयाबीन व मक्का की फसल काटकर नष्ट कर दी, जिससे करीब 5 लाख रुपए का नुकसान बताया गया है।

दी थी जान से मारने की धमकी

पुलिस के अनुसार घटना के दौरान आरोपियों ने और नुकसान करने तथा जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली राजगढ़ में अपराध क्रमांक 644/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5), 324(4), 351(3) और 3(5) के तहत जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक मंजू मखेनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 31 अगस्त को लखन पिता बानेसिंह तंवर को गिरफ्तार किया, जबकि शेष तीन आरोपियों को 3 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

परिवार के चार लोग गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में बनेसिंह पिता घीसालाल तंवर (58), नानकराम पिता बानेसिंह तंवर (21), अजबसिंह पिता बानेसिंह तंवर (22) और लखन पिता बनेसिंह तंवर (27) शामिल हैं। सभी ग्राम निपानिया, थाना कालीपीठ के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में थाना प्रभारी मंजू मखेनिया, सउनि दुर्गाप्रसाद शर्मा, प्रधान आरक्षक नरेंद्र शर्मा और प्रधान आरक्षक देवेंद्र यादव की भूमिका रही। राजगढ़ पुलिस ने लोगों से नातरा झगड़ा जैसी कुप्रथाओं में अवैध मांग या लेन-देन से बचने और धमकी, अवैध वसूली अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। 

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts