रॉन्ग साइड दौड़ाई गाड़ी तो सीधे थाने की बारी! इंदौर में 21 वाहन चालकों पर FIR

इंदौर। सड़क को अपनी मर्जी से चलाने और रॉन्ग साइड में वाहन दौड़ाने वालों की अब खैर नहीं। इंदौर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है, जो लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर खुद के साथ दूसरे लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। अभियान के तहत अब तक 12 प्रकरणों में 21 वाहन चालकों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जा चुकी है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर, आरके सिंह, ने बताया कि यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया, जिनकी ड्राइविंग से सड़क पर दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा था। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस के माध्यम से उनके खिलाफ अपराध दर्ज कराया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अब यातायात नियमों को हल्के में लेने वालों पर केवल चालान तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। यातायात पुलिस के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जिनकी लापरवाही से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही थी। पुलिस का कहना है कि सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और हादसों को रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जोन-01 में 7 वाहन चालकों पर कार्रवाई
यातायात जोन-01 के अंतर्गत 3 FIR दर्ज कराई गईं। इनमें अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में 4 वाहनों, बाणगंगा में 1 और एरोड्रम थाना क्षेत्र में 2 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जोन-02 में 7 वाहन पुलिस के निशाने पर
यातायात जोन-02 में भी 3 FIR दर्ज हुईं। विजयनगर थाना क्षेत्र में 2 और खजराना थाना क्षेत्र में 5 वाहनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया।
जोन-03 में सबसे ज्यादा FIR
यातायात जोन-03 में 5 FIR दर्ज की गईं। भंवरकुआं, कोतवाली और तेजाजीनगर थाना क्षेत्र में एक-एक, जबकि पलासिया थाना क्षेत्र में 2 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
जोन-04 में राजेंद्र नगर में कार्रवाई
यातायात जोन-04 में 2 FIR दर्ज कराई गईं। दोनों प्रकरण राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सामने आए, जहां 2 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।




















