जम्मू कश्मीर के बडगाम में एक आतंकी ढेर, इलाके में सेना का ऑपरेशन जारी

बडगाम के अशदार गली इलाके में शुक्रवार को खुफिया जानकारी के आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसमें भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्रीनगर CRPF की टीमें शामिल थीं। तलाशी के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर जवानों ने आतंकियों को चुनौती दी, जिसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, जबकि इलाके में छिपे अन्य आतंकियों की तलाश अभी जारी है।
खुफिया जानकारी पर शुरू हुआ ज्वाइंट ऑपरेशन
सुरक्षाबलों को बडगाम के ऊंचे पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद शुक्रवार को भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्रीनगर CRPF ने संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। यह इलाका पीर पंजाल रेंज में आता है पुलवामा के पाखेरपोरा और बडगाम के यूसमर्ग के ऊंचे क्षेत्रों के बीच फैला है।
ये भी पढ़ें: स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का आरोप
अशदार गली में आतंकियों से हुई मुठभेड़
ऑपरेशन के दौरान जवानों को अशदार गली के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। सुरक्षा बलों ने जब वहां मौजूद लोगों को चुनौती दी तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से जबरदस्त फायरिंग हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया।
मारे गए आतंकी के पास से AK-47 बरामद
अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए आतंकी के पास से AK-47 राइफल और युद्ध से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद हुई है। इलाके में अभी एक से दो और आतंकियों के छिपे होने की सूचना है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में घेराबंदी बनाए रखी है और सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन जारी है।
पूरी रात जंगल में चली गोलीबारी
यह ऑपरेशन गुरुवार शाम से ही तेज हो गया था। भारतीय सेना की 10 पैरा कमांडो, जम्मू-कश्मीर पुलिस की SOG और CRPF की संयुक्त टीम ने ऊबड़-खाबड़ और घने जंगल वाले इलाके में आतंकियों को घेरा था। रातभर रुक-रुककर गोलीबारी होती रही और आतंकियों के भागने के रास्ते बंद करने के लिए अतिरिक्त बल भी मौके पर भेजा गया।
खराब मौसम और मुश्किल रास्तों से चुनौती
बताया जा रहा है कि, घेराबंदी वाले क्षेत्र में दो से तीन सक्रिय आतंकी मौजूद हो सकते हैं। घने जंगल, बेहद कठिन पहाड़ी रास्ते और खराब मौसम के कारण अभियान में चुनौतियां आईं। इलाके में मोबाइल नेटवर्क और सामान्य रेडियो सिग्नल भी ठीक से काम नहीं कर रहे थे, जिससे ऑपरेशन की रफ्तार प्रभावित हुई।
ये भी पढ़ें: CCTV से पोस्टमार्टम तक... दिशा सालियान की मौत पर कोर्ट ने क्यों उठाए सवाल?
पर्यटकों के लिए प्रशासन की इमरजेंसी एडवाइजरी
पहलगाम हमले के बाद 2025 में हुए अभियानों के बाद इस इलाके में यह पहला बड़ा ऑपरेशन बताया जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की है। अगले आदेश तक पर्यटकों को दूधपथरी और यूसमर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जाने से सख्ती से मना किया गया है। सुरक्षाबलों का अभियान इलाके में छिपे अन्य आतंकियों की तलाश के लिए जारी है।




















