इंदौर मेट्रो अब रेडिसन तक दौड़ेगी, कल CM दिखाएंगे हरी झंडी; ₹20 से ₹80 तक हो सकता है किराया?

इंदौर। इंदौर मेट्रो के यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक मेट्रो के कमर्शियल रन को मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल (शनिवार) मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर इस नए रूट पर संचालन की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही मेट्रो का कमर्शियल संचालन करीब 17 किलोमीटर के हिस्से में शुरू हो जाएगा। रेडिसन तक मेट्रो पहुंचने से शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। खासतौर पर लवकुश चौराहा, बापट चौराहा, विजय नगर और रेडिसन चौराहा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
कई बार हुए ट्रायल, CMRS से भी मिली हरी झंडी
रेडिसन चौराहे तक मेट्रो संचालन को लेकर पहले भी दो बार प्रयास किए गए थे, लेकिन कमर्शियल रन शुरू नहीं हो सका था। इस बार कंपनी की ओर से कई चरणों में ट्रायल रन किए गए, जो सफल रहे। इसके बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) से भी एनओसी मिल गई। अब कमर्शियल रन शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
संबंधित खबर: उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन का मामला पहुंचा हाईकोर्ट : 16 हजार वर्ग किमी क्षेत्र वाली अधिसूचना पर उठे संवैधानिक सवाल?
₹20 से ₹80 तक हो सकता है किराया
मेट्रो के नए रूट के किराए को लेकर अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है। संभावना जताई जा रही है कि किराया करीब 20 से 80 रुपये के बीच हो सकता है। रूट की दूरी बढ़ने के साथ किराए में भी इजाफा होगा। बताया जा रहा है कि हर दो स्टेशन के बाद किराया बढ़ाने का प्रस्ताव है। किराए की अंतिम दर आज शाम तक तय होने की संभावना है।
संबंधित खबर: 18 जून से रेडिसन चौराहे तक दौड़ेगी इंदौर मेट्रो: एक साल का इंतजार खत्म
TCS तक यात्रियों की कमी, कंपनी को हो रहा था घाटा
इंदौर में मेट्रो का संचालन शुरू हुए करीब सवा साल हो चुका है, लेकिन अभी तक इसका कमर्शियल रन टीसीएच चौराहे तक ही सीमित था। इस हिस्से में अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिलने के कारण कंपनी को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। अब रेडिसन चौराहे तक मेट्रो पहुंचने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। खासकर विजय नगर क्षेत्र में मेट्रो को बड़ी संख्या में यात्री मिलने की संभावना है। इससे कंपनी की आय बढ़ने और मौजूदा घाटे की भरपाई में मदद मिलने की उम्मीद है।
संबंधित खबर: इंदौर मेट्रो में किटी पार्टी : सफर बना सेलिब्रेशन,चलती ट्रेन में गेम्स, म्यूजिक और मस्ती
विजय नगर बनेगा मेट्रो का सबसे बड़ा यात्री हब
रेडिसन तक मेट्रो शुरू होने के बाद विजय नगर, बापट चौराहा और रेडिसन चौराहा सबसे महत्वपूर्ण यात्री केंद्र बन सकते हैं। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में निजी कंपनियों के ऑफिस, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक गतिविधियां हैं। छात्रों के साथ निजी कंपनियों और विभिन्न कार्यालयों में काम करने वाले लोगों को रोजाना आवागमन में मेट्रो का फायदा मिल सकता है। सड़क पर ट्रैफिक के दबाव के बीच मेट्रो से समय की बचत और अपेक्षाकृत सुविधाजनक सफर का विकल्प उपलब्ध होगा।
संबंधित खबर: चलती मेट्रो में शादी ! भोपाल-इंदौर में अब ट्रेन बनेगी पार्टी वेन्यू, ₹7000 में करें प्री-वेडिंग शूट और सेलिब्रेशन
17 किलोमीटर का सफर, आगे 31 किमी का नेटवर्क
गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक कमर्शियल रन शुरू होने के बाद इंदौर में करीब 17 किलोमीटर के हिस्से पर मेट्रो दौड़ेगी। शहर में प्रस्तावित मेट्रो नेटवर्क में एलिवेटेड और अंडरग्राउंड ट्रैक को मिलाकर करीब 31 किलोमीटर का नेटवर्क तैयार किया जाना है।




















