Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'मैंने ही सिर पर मारा था'… वायरल कबूलनामे के बाद आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज हिरासत में

जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया। कार्रवाई वायरल पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद हुई, जिसमें उसने कथित तौर पर हमले का दावा किया था।
'मैंने ही सिर पर मारा था'… वायरल कबूलनामे के बाद आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज हिरासत में

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा। कार्रवाई एक वायरल पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद हुई, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमला करने की बात कबूल की थी।

23 जून को जंतर-मंतर पर हुई थी मारपीट

मामला 23 जून 2026 का है। उस दिन जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन चल रहा था। शिकायतकर्ता संजय कुमार अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ प्रदर्शन में पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे वह अपने फोन से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान एक युवक से उनका विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद 2-3 युवकों ने संजय कुमार को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप के मुताबिक, घूंसे मारने के साथ लोहे के कड़े जैसी ठोस चीज से उनके सिर पर वार किया गया। घटना के बाद संजय कुमार को इलाज के लिए RML अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल रिपोर्ट में उनके सिर पर दो कटे हुए घाव दर्ज किए गए।

FIR में स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार नामजद

संजय कुमार की शिकायत पर दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में FIR संख्या 62/2026 दर्ज की गई। इसमें BNS की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के वक्त पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को नामजद आरोपी बनाया था। अब दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है।

Breaking News

वायरल पॉडकास्ट क्लिप से फिर चर्चा में आया मामला

मामले ने तब दोबारा तूल पकड़ा, जब एक पॉडकास्ट क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इस क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने दावा किया कि उसी ने संजय कुमार के सिर पर वार किया था। उसने कथित तौर पर यह भी दावा किया कि राजनीतिक प्रभाव के कारण उसके खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और वह आसानी से बच निकला। इसके बाद मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे और स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग तेज हुई।

CCTV से पोस्टमार्टम तक... दिशा सालियान की मौत पर कोर्ट ने क्यों उठाए सवाल?

निशु आजाद ने लगाई थी न्याय की गुहार

निशु आजाद ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए पुलिस कार्रवाई न होने को लेकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस की लीगल टीम पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंची। टीम ने FIR में हेट स्पीच, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और आदतन अपराधी से जुड़ी धाराएं जोड़ने के साथ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts