मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान :राजगढ़ एवं मंदसौर जिलों में एमडी ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

भोपाल। मध्यप्रदेश के राजगढ़ एवं मंदसौर जिले में दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस ने एमडी ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कैमिकल, मादक पदार्थ एवं उपकरण जप्त किए हैं। साथ ही नशे के दो कारोबारियों को भी पकड़ा गया है।
राजगढ़ जिले के तहत थाना माचलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आदमपुरा के जंगल क्षेत्र में खेत में बनी एक खंती में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एमडी ड्रग्स (मादक पदार्थ) निर्माण में प्रयुक्त रासायनिक पदार्थ ड्रमों में छिपाकर फेंका गया है। इस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। इसके नतीजे में खंती से 5 नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम बरामद हुए, जिनमें प्लास्टिक पन्नियों में भरा सफेद रंग का क्रिस्टलनुमा कैमिकल पाउडर पाया गया।
266.9 किलो कैमिकल की कीमत 5 करोड़ रुपए
प्रारंभिक परीक्षण एवं विशेषज्ञ अनुभव के आधार पर जब्त किया गया पदार्थ एमडी ड्रग्स के निर्माण में प्रयुक्त होने वाला कैमिकल पाया गया। इसकी तौल करने पर ड्रमों सहित कुल वजन 266.9 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। ंइसके बाद बरामद समस्त कैमिकल को विधिवत जप्त कर थाना माचलपुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। साथ ही अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
मुंबई की कैमिकल फैक्ट्री से खरीदा गया रॉ मटेरियल
राजगढ़ पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एमडी ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल मुंबई की एक फैक्ट्री से खरीदा गया है। ऐसे में पुलिस अब मुंबई की केमिकल फैट्री से पता करने की कोशिश में हैं कि आखिर करोड़ों रुपए का कैमिकल किसने खरीदा और मुंबई से माचलपुर तक कैसे लाया गया। इसके लिए पेमेंट कैश या आॅनलाइन किया गया और फैक्ट्री ने यह चेक क्यों नहीं किया कि केमिकल का इस्तेमाल कैसे होना है।
पूरे नेटवर्क सहित सप्लाई और डिमांड चैन डिकोड करेंगे
गरोठ में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
थाना प्रभारी गरोठ एवं उनकी टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर ग्राम सुरजना स्थित खेत के कुएं पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान मौके पर दो व्यक्ति एमडी ड्रग्स बनाते हुए पाए गए। मोके पर उनके कब्जे से 102 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी, 12 किलो 610 ग्राम एमडी निर्माण में प्रयुक्त केमीकलों का गाढ़ा मिश्रण, 3 किलो 540 ग्राम एमडी निर्माण में सहयोगी पारदर्शी तरल पदार्थ, 680 ग्राम एमडी निर्माण में सहयोगी सफेद केमीकल पाउडर, एक गैस सिलेंडर, एक सेंट्रीफ्यूज मशीन, एक चूल्हा-भट्टी, एक स्टील की थाली, एक स्टील का भगोना, नीले रंग का बिजली कनेक्शन तार, एक अर्थिंग हेतु लोहे का सरिया तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए है। आरोपियों के विरुद्ध थाना गरोठ में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।












