रईसजादे की तेज रफ्तार बनी खतरा!कौन है कानपुर का शिवम जिसने लेम्बोर्गिनी से मचाया कहर?

कानपुर के वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी से हुए हादसे के बाद शिवम मिश्रा चर्चा में है। आरोप है कि नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए उसने छह लोगों को टक्कर मार दी।
कौन है कानपुर का शिवम जिसने लेम्बोर्गिनी से मचाया कहर?
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    कानपुर के VIP रोड पर रविवार दोपहर एक सनसनीखेज हादसा सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने सड़क पर चल रहे  6 लोगों को कुचल दिया। आरोप है कि तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा ने नशे की हालत में लेम्बोर्गिनी कार चलाते हुए यह हादसा किया। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हो गए।

    
    

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार इतनी तेज गति से चल रही थी कि टक्कर लगने पर कुछ लोग हवा में उछल गए। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शिवम मिश्रा को हिरासत में ले लिया। हादसे में कार को भी भारी नुकसान हुआ है।

    Twitter Post

    ऐशो-आराम की जिंदगी का आदी आरोपी

    शिवम मिश्रा शहर के बड़े तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से आलीशान जीवनशैली का आदी रहा है। उसके पास कई महंगी गाड़ियां हैं और वह अक्सर लग्जरी कारों के साथ नजर आता है।

    Twitter Post

    पुलिस और आयकर विभाग की कार्रवाई में सामने आया है कि उसके पास करोड़ों रुपए की लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन है। इनमें रोल्स-रॉयस फैंटम, मैकलेरन, पोर्शे और लैंबोर्गिनी जैसी गाड़ियां शामिल हैं। इन सभी गाड़ियों की कीमत मिलाकर लगभग 50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। खास बात यह भी है कि इन गाड़ियों के नंबर प्लेट पर एक ही नंबर ‘4018’ लिखा हुआ था।

    जांच के दौरान आयकर विभाग को बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान भी मिला था। शुरुआती छापों में करीब 4.5 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए। बाद में की गई तलाशी में करीब 7 करोड़ रुपए और मिले, साथ ही सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान भी जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि एक हीरों से जड़ी घड़ी की कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपए है।

    पिता की कंपनी पर भी पड़ चुकी है ED की रेड

    शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा की कंपनी पर पहले भी जांच एजेंसियों की नजर पड़ चुकी है। साल 2024 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनकी कंपनी बंशिधर टोबैको प्राइवेट लिमिटेड पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई कई राज्यों में एक साथ की गई थी।

    आयकर विभाग ने कानपुर, दिल्ली, मुंबई और गुजरात समेत कई शहरों में करीब 20 ठिकानों पर तलाशी ली थी। इस अभियान में 15 से 20 टीमें शामिल थीं और जांच पांच राज्यों तक फैली हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, बंशिधर टोबैको प्राइवेट लिमिटेड तंबाकू उद्योग की बड़ी कंपनी है, जो कई पान मसाला कंपनियों को कच्चा माल सप्लाई करती है।

    जांच जारी, पुलिस कर रही कार्रवाई

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय आरोपी नशे में था या नहीं।

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

    Latest Posts