महाराष्ट्र :NCP प्रमुख शरद पवार की बिगड़ी तबीयत, पुणे के अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र। एनसीपी प्रमुख शरद पवार को गले में संक्रमण और बुखार की शिकायत के बाद पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बारामती में शुरुआती इलाज कराने के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें पुणे लाया गया। इस दौरान उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी उनके साथ मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।
अस्पताल में बेटी सुप्रिया सुले सहित दामाद मौजूद
पुणे के अस्पताल में शरद पवार के साथ उनकी बेटी सुप्रिया सुले मौजूद है। साथ ही दामाद सदानंद सुले भी मौजूद है। हाल ही के दिनों में भतीजे अजीत पवार के निधन के बाद शरद पवार लगातार सार्वजनिक प्रोग्रामों में व्यस्त चल रहे थे। माना जा रहा है कि इससे उनकी तबीयत पर असर पड़ा है। फिलहार पुणे में डॉक्टर्स उनकी देखरेख में जुटे हैं।
कार्यकर्ता कर रहे जल्द स्वस्थ्य होने की कामना
दरअसल जैसे ही एनसीपी चीफ की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई तो कार्यकर्ताओं में उदासी छा गई। वे अपने नेता के जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। हालांकि डॉक्टर्स की निगरानी लगातार बनी हुई है। फिलहाल उनकी तबीयत बिगड़ने का कारण बुखार और गले में संक्रमण को बताया जा रहा है।
महाराष्ट्र के प्रभावशाली नेता
गौरतलब है कि शरद पवार महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति के सबसे प्रभावशाली और अनुभवी नेताओं में शुमार किए जाते हैं। उन्होंने 1999 में कांग्रेस से अलग होकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की स्थापना की थी। पवार दशकों से महाराष्ट्र की सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाते रहे हैं और कई बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में एनसीपी ने प्रदेश की राजनीति में मजबूत आधार बनाया और कांग्रेस सहित अन्य दलों के साथ गठबंधन सरकारों में अहम भूमिका निभाई है।











