RDX रखा है...बाड़मेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, हड़कंप के बाद पुलिस ने खाली कराया परिसर

राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि जिला कलेक्टर कार्यालय के सरकारी ई-मेल पर सोमवार रात करीब 10:45 बजे एक धमकी भरा मेल आया। मेल में कलेक्ट्रेट परिसर को मंगलवार को उड़ाने की बात कही गई थी।
RDX बम लगाने का दावा
धमकी भरे ई-मेल में लिखा गया था कि कलेक्ट्रेट परिसर में तीन RDX बम लगाए गए हैं और धमाकों से पहले परिसर खाली करा लेने की चेतावनी दी गई थी। मेल में तमिलनाडु के चेन्नई में अभिनेता रजनीकांत के घर का भी जिक्र किया गया था।
कलेक्ट्रेट परिसर कराया गया खाली
सुबह जिला कलेक्टर के पीए ने इस मेल की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। इसके बाद एहतियातन पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खाली कराया गया और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की।
पुलिस छावनी में बदला कलेक्ट्रेट
सूचना मिलते ही कलेक्ट्रेट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
काफी देर तक चली जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में दोबारा लोगों की आवाजाही शुरू कर दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











