हरदा में छात्रों की विशाल मानव श्रृंखला :दिया 'से नो टू ड्रग्स 2.0' का संदेश, सैकड़ोंं छात्रों ने प्रोग्राम में लिया हिस्सा
हरदा। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान अंतर्गत हरदा में पुलिस अधीक्षक शशांक के नेतृत्व में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय एवं महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदा के छात्र-छात्राओं के सहयोग से नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राआओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित कर विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण किया।
आकर्षक आकृति ने समाज को दिया प्रेरणायादक संदेश
आकर्षक आकृति ने समाज को नशे के विरुद्ध एक सशक्त एवं प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल कानून के माध्यम से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और युवा शक्ति की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई यह मानव श्रृंखला समाज को जागरूक करने का एक सशक्त संदेश है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इससे बचने के लिए प्रेरित करे।
यह भी पढ़ें: सोहागपुर में ब्लैक बक का शिकार: वन विभाग ने की कार्रवाई, मांस के साथ आरोपी गिरफ्तार
कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते, डीएसपी महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक रजनी गुर्जर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।
ASP ने युवाओं को नशे से दूर रहने की दी सलाह
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाने की अपील की, ताकि वे नशे से दूर रहकर बेहतर भविष्य बना सकें।
छात्रों और शिक्षकों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के अंत में एएसपी अमित कुमार मिश्रा ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी और सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
Edited By : Aakash Waghmare






















