CG NEWS:रायपुर में लोकभवन के सामने कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, राहुल गांधी की डिटेंशन पर भड़के कार्यकर्ता

प्रेम कुमार, रायपुर। रायपुर में कांग्रेस ने मंगलवार को लोकभवन के सामने जोरदार प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को डिटेन किए जाने के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि नीट परीक्षा में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

CG NEWS: रायपुर में नशे का नेटवर्क बेनकाब: 459 प्रतिबंधित टेबलेट के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस और कार्यकर्ताओं में झूमाझटकी
प्रदर्शन को देखते हुए राजभवन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया।

राहुल गांधी की डिटेंशन पर कांग्रेस का विरोध
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने डिटेन कर लिया। कांग्रेस का दावा है कि इस दौरान राहुल गांधी की नाक पर चोट लगी और खून भी बहा। इस घटना के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध तेज हो गया।
भूपेश बघेल ने भी उठाए सवाल
दिल्ली प्रदर्शन में शामिल छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्हें अन्य नेताओं के साथ बस में बैठाकर ले जाया गया तथा इस दौरान उनका एक जूता भी पुलिस के पास रह गया। कांग्रेस ने इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कार्रवाई बताया।
सरकार के सामने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।
- नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य के मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा।
- छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग।
CG NEWS: चित्रकोट जलप्रपात फिर हुआ गुलजार, मानसून में उमड़ी पर्यटकों की भारी भीड़
राजनीतिक माहौल गरमाया
रायपुर से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने कहा कि छात्रों के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा, जबकि प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।












