राजा रघुवंशी हत्याकांड : राजा की मां से गले मिलकर सोनम का भाई गोविंद फूट-फूटकर रोया, बोला- मेरी बहन को मिले सजा-ए-मौत

इंदौर। ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में अहम मोड़ आया है। जहां एक ओर आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी समेत 5 आरोपियों को आज शिलांग कोर्ट में पेश किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर इंदौर में राजा की मां से मिलने पहुंचा सोनम का भाई गोविंद, भावुक होकर फूट-फूटकर रो पड़ा। उसने न सिर्फ राजा के परिवार से माफी मांगी, बल्कि साफ शब्दों में कहा- मेरी बहन ने जो किया, उसकी सजा-ए-मौत होनी चाहिए।
मां के गले लगकर रोया गोविंद, बोला- 'मम्मी, मैं खुद उसे सजा दिलवाऊंगा'
इंदौर स्थित राजा के घर पर उस वक्त भावुक दृश्य देखने को मिला जब गोविंद अचानक वहां पहुंचा। उसने राजा की मां उमा रघुवंशी से मुलाकात की, गले लगकर रोने लगा और कहा- मम्मी जी, आपको कुछ नहीं करना है। मैं खुद उसकी पेशी पर जाऊंगा और खुद सजा दिलवाऊंगा। उमा रघुवंशी ने भी गोविंद को गले लगाया और आंसुओं के साथ कहा, “मुझे जरा भी अहसास नहीं हुआ कि वो इतना बड़ा कदम उठा लेगी। उसके मन में कुछ था तो बता देती। ऐसा मालूम होता तो हम शादी क्यों करते?”गोविंद ने कबूला- सोनम ने गलती की है
- गोविंद ने मीडिया और राजा के परिवार के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने कहा-
- मैंने पुलिस को फोन कर कहा था कि सोनम ने ही सब कुछ किया है।
- शादी के दो महीने पहले तक सोनम शादी करना ही नहीं चाहती थी।
- राजा को मंगल दोष था, इसलिए हम जल्दी शादी कराना चाहते थे।
- सोनम की कोई महिला मित्र नहीं थी और वह राज कुशवाह को राखी बांधती थी।
- राज के साथ बैठकर मैंने भी सोनम से राखी बंधवाई है।
- राज हमारे ऑफिस में ही काम करता था, पर उनका कोई अफेयर नहीं था।












