MP में जनगणना 2027 का पहला चरण पूरा:30 मई तक खत्म हुआ मकान सूचीकरण अभियान, 7 लाख परिवारों ने खुद भरी जानकारी

मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 का पहला और अहम चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। राज्य में ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का फील्ड कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर 30 मई 2026 को समाप्त कर लिया गया। एक महीने तक चले इस अभियान की शुरुआत 1 मई को हुई थी, जिसके तहत प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से आंकड़े एकत्र किए गए।
हाईटेक और डिजिटल रही पूरी प्रक्रिया
इस बार जनगणना का पहला चरण पूरी तरह डिजिटल तरीके से संपन्न हुआ। प्रगणकों ने घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के जरिए मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से संबंधित 33 अधिसूचित प्रश्नों की जानकारी दर्ज की। पूरी प्रक्रिया की निगरानी एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की गई, जिससे डेटा संग्रहण की गुणवत्ता और कार्य की गति पर लगातार नजर रखी जा सकी।
7 लाख से ज्यादा परिवारों ने खुद भरी जानकारी
फील्ड सर्वे शुरू होने से पहले राज्य सरकार ने 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया था। इस सुविधा का लाभ उठाते हुए प्रदेश के 7 लाख से अधिक परिवारों ने स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज की। यह पहली बार है जब बड़ी संख्या में लोगों ने डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में सीधे भागीदारी की।
डेढ़ लाख से ज्यादा कर्मचारियों ने संभाली जिम्मेदारी
जनगणना के इस विशाल अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में बड़े स्तर पर मानव संसाधन तैनात किया गया था।
- 55 जिलों में अभियान संचालित हुआ।
- 425 नगरीय निकाय और 449 तहसीलें शामिल रहीं।
- 54,923 गांवों में घर-घर सर्वे किया गया।
- 1.37 लाख से अधिक मकान सूचीकरण ब्लॉक बनाए गए।
- 1.44 लाख से ज्यादा प्रगणक और पर्यवेक्षक फील्ड में तैनात रहे।
- 15 हजार कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया था।
जनगणना की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान नागरिकों से प्राप्त सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रहेंगी। यह जानकारी जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियमावली 1990 के तहत संरक्षित है। इन आंकड़ों का उपयोग केवल जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और भविष्य की नीतियों के निर्माण के लिए किया जाएगा। आंकड़े जनगणना की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद निर्धारित समय पर जारी किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: लुटेरी दुल्हन : ऑफिस में दोस्ती के बाद प्यार...शादी की और दो दिन बाद ही जेवर-रुपए लेकर भाग गई इंजीनियर की दुल्हनियां
अब फरवरी 2027 में होगा दूसरा चरण
मकान सूचीकरण अभियान के सफल समापन के बाद अब जनगणना 2027 के दूसरे और सबसे महत्वपूर्ण चरण जनसंख्या गणनाकी तैयारी शुरू हो गई है। यह चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रदेश की वास्तविक जनसंख्या और जनसांख्यिकीय आंकड़े जुटाए जाएंगे। निदेशक जनगणना कार्य, मध्य प्रदेश ने इस महत्वपूर्ण चरण के सफल समापन पर प्रदेशवासियों, फील्ड स्टाफ, प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।












