Rule Change 1st June:जून से लागू होंगे नए नियम! UPI, ATM और PAN से LPG तक सबकुछ बदलेगा

1 जून से आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो सकते हैं। इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल पेमेंट, रेलवे यात्रा और निवेश योजनाओं पर पड़ सकता है। ऐसे में इन नए नियमों की जानकारी पहले से होना जरूरी है, ताकि किसी तरह की परेशानी या अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके।
हर महीने की तरह जून की शुरुआत में भी गैस सिलेंडर, बैंकिंग सेवाओं, UPI पेमेंट और रेलवे से जुड़े नियमों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं 1 जून से कौन-कौन से बड़े बदलाव लागू हो सकते हैं।
UPI पेमेंट में आएगा नया बदलाव
डिजिटल पेमेंट को और सुरक्षित बनाने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) नया नियम लागू करने की तैयारी में है।
नए नियम के तहत जब भी कोई व्यक्ति UPI से भुगतान करेगा, तो उसे पैसे भेजने वाले व्यक्ति या व्यापारी का केवल बैंक में दर्ज वास्तविक नाम दिखाई देगा। अब मोबाइल नंबर, क्यूआर कोड या यूजर द्वारा बनाए गए नाम के बजाय बैंक में रजिस्टर्ड नाम ही दिखेगा।
इस बदलाव का मकसद UPI फ्रॉड को कम करना है। कई बार लोग फर्जी नाम दिखाकर लोगों को धोखा दे देते हैं। नए नियम से भुगतान करने से पहले सही व्यक्ति की पहचान करना आसान होगा।
ये भी पढ़ें: विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी: मई में शेयर बाजार से निकाले ₹32,963 करोड़, 2026 में आउटफ्लो ₹2.25 लाख करोड़ के पार
LPG की कीमतों में हो सकता है बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 जून को भी गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी की जा सकती हैं। बता दें कि 1 मई 2026 को 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपए तक पहुंच गई थी।
हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था। अब लोगों की नजर 1 जून को जारी होने वाले नए रेट्स पर टिकी हुई है।
रेलवे यात्रियों को हो सकती है परेशानी
जून 2026 में भारतीय रेलवे कई जगहों पर ट्रैक अपग्रेडेशन और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम करने जा रहा है। इसके कारण करीब 77 ट्रेनों को रद्द किया जा सकता है, जबकि कई ट्रेनों के रूट और समय में बदलाव किया जाएगा।
इसका असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों के यात्रियों पर पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
PAN कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव
नए आयकर नियमों के तहत PAN कार्ड से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किया गया है। पहले एक दिन में 50 हजार रुपए से अधिक नकद जमा करने पर PAN नंबर देना जरूरी होता था, लेकिन अब इस शर्त को हटा दिया गया है।
इसके अलावा प्रॉपर्टी खरीदने और बेचने के लिए PAN कार्ड की अनिवार्यता की सीमा भी बढ़ा दी गई है। पहले 10 लाख रुपए तक के लेनदेन पर PAN जरूरी था, लेकिन अब यह सीमा बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: Weather Update Today : 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 80 किमी/घंटा तक चलेंगी तेज हवाएं; मानसून ने पकड़ी रफ्तार
सोलर पैनल से जुड़े नए नियम होंगे लागू
1 जून 2026 से सोलर सेक्टर में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सरकार ALMM (Approved List of Models and Manufacturers) से जुड़े नए नियम लागू करेगी। नए नियमों के अनुसार सरकारी योजनाओं, नेट मीटरिंग और सब्सिडी वाले कई प्रोजेक्ट्स में केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सोलर सेल का उपयोग किया जा सकेगा, जो सरकार की स्वीकृत सूची में शामिल होंगे।
बैंकिंग और ATM नियमों में हो सकते हैं बदलाव
जून महीने में कई बैंक अपने ATM और बैंकिंग नियमों में बदलाव कर सकते हैं। कुछ बैंक ATM से नकद निकासी की सीमा, फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या और अतिरिक्त शुल्क से जुड़े नियमों में बदलाव कर सकते हैं। हाल ही में HDFC बैंक ने UPI ATM कैश निकासी को फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट में शामिल किया था। वहीं पंजाब नेशनल बैंक ने कुछ डेबिट कार्ड्स पर रोजाना नकद निकासी की सीमा कम कर दी थी। इसलिए बैंक ग्राहकों को अपने बैंक की नई गाइडलाइन और नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
FD-सेविंग अकाउंट ब्याज दरों में भी बदलाव
बैंकों द्वारा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और सेविंग अकाउंट पर मिलने वाले ब्याज में भी बदलाव किया जा सकता है। पिछले कुछ महीनों में कई बैंकों ने अपनी एफडी ब्याज दरों में बदलाव किया है। जून में भी रिजर्व बैंक की नीतियों और बाजार की स्थिति के आधार पर ब्याज दरों में परिवर्तन देखने को मिल सकता है। अगर आप एफडी कराने या निवेश की योजना बना रहे हैं, तो पहले नई ब्याज दरों की जानकारी जरूर ले लें।
पेट्रोल-डीजल और अन्य नियमों पर भी नजर
हर महीने की तरह इस बार भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा आधार कार्ड, बैंकिंग सेवाओं और रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक से जुड़े फैसलों पर भी लोगों की नजर रहेगी। यदि रेपो रेट में कोई बदलाव होता है तो उसका असर होम लोन, कार लोन और अन्य कर्ज की ईएमआई पर भी पड़ सकता है।











