Raja Raghuvanshi Murder Case :सोनम के सरेंडर के बाद राजा के भाई का बयान, बोले- अब इंसाफ की उम्मीद

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी ने मेघालय की अदालत में सरेंडर कर दिया। इसके बाद राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने मेघालय सरकार और जांच टीम का आभार जताते हुए कहा कि अब उनके भाई को इंसाफ मिलने की उम्मीद जगी है।
सोनम के सरेंडर के बाद राजा के भाई का बयान, बोले- अब इंसाफ की उम्मीद
राजा के भाई बोले- अब इंसाफ की उम्मीद जगी

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी ने मेघालय की अधीनस्थ अदालत में सरेंडर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द करते हुए तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया था। सोनम के सरेंडर के बाद राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने मेघालय सरकार और जांच टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अधिकारियों ने दिन-रात मेहनत की, जिसकी बदौलत अब उनके भाई को इंसाफ मिलने की उम्मीद जगी है।

'मेहनत रंग लाई, न्याय मिलने का भरोसा'

मीडिया से बातचीत में विपिन रघुवंशी ने कहा कि जांच एजेंसियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया कि आरोपी कानून के दायरे में रहे। उन्होंने कहा कि पहले सेशन कोर्ट, फिर हाई कोर्ट और आखिर में सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी गई। अब उन्हें न्याय मिलने का भरोसा है।

Raja Raghuvanshi

23 जुलाई को रद्द हुई थी जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने 23 जुलाई को सोनम रघुवंशी को मिली जमानत रद्द कर दी थी। अदालत ने उसे तीन सप्ताह के भीतर मेघालय की संबंधित अदालत में सरेंडर करने का आदेश दिया था। उसी आदेश का पालन करते हुए उसने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया।

हनीमून के दौरान हुई थी राजा रघुवंशी की हत्या

राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी मई 2025 में हनीमून मनाने मेघालय गए थे। 23 मई को दोनों सोहरा क्षेत्र से लापता हो गए थे। इसके बाद 2 जून 2025 को राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ।

Sonam Raghuvanshi

प्रेमी के साथ साजिश रचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, सोनम रघुवंशी ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। मामले की जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। अब सरेंडर के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया मेघालय की अदालत में चलेगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts