रणबीर कपूर अपने परिवार की ऐतिहासिक फिल्मी विरासत को फिर से जीवंत करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहे हैं। खबर है कि रणबीर और उनका परिवार मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित कनाकिया वॉल स्ट्रीट कॉम्प्लेक्स में पांच फ्लोर 20 साल की लंबी अवधि के लिए लीज पर ले रहे हैं। उद्देश्य है प्रतिष्ठित आके स्टूडियोज को आधुनिक रूप में दोबारा स्थापित करना।
आरके स्टूडियोज की स्थापना रणबीर के दादा और हिंदी सिनेमा के ‘शोमैन’ राज कपूर ने की थी। चेंबूर स्थित यह स्टूडियो दशकों तक हिंदी फिल्म उद्योग का प्रमुख केंद्र रहा, जहां कई यादगार फिल्मों की शूटिंग हुई। हालांकि 2017 में भीषण आग लगने और बढ़ती मेंटेनेंस चुनौतियों के चलते 2018 में इसे बेच दिया गया था। उस फैसले ने कपूर परिवार और फिल्म प्रेमियों को भावुक कर दिया था।
अब नई योजना के तहत इस विरासत को आधुनिक तकनीक और वैश्विक मानकों के साथ पुनर्जीवित किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लीज पर लिए गए पांच फ्लोर को अत्याधुनिक प्रोडक्शन और क्रिएटिव हब में बदला जाएगा। यहां वर्चुअल प्रोडक्शन से लैस साउंडस्टेज, एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन सुइट्स, हाई-टेक वीएफएक्स सुविधाएं, प्रीव्यू और स्क्रीनिंग थिएटर, साथ ही क्रिएटिव व प्रशासनिक टीम के लिए समर्पित ऑफिस स्पेस विकसित किए जाएंगे।
इतना ही नहीं, आरके स्टूडियोज की गौरवशाली विरासत को संजोने के लिए विशेष आर्काइव और मेमोराबिलिया सेक्शन भी बनाया जाएगा, जहां राज कपूर और कपूर परिवार की फिल्मों से जुड़ी दुर्लभ यादगार चीजें संरक्षित की जाएंगी। साथ ही मेहमानों और इंडस्ट्री पेशेवरों के लिए हॉस्पिटैलिटी एरिया की भी योजना है।
हालांकि लीज की आर्थिक शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि सभी आवश्यक अनुमतियां मिलने के बाद 2026 के मध्य तक यह नया स्टूडियो संचालन शुरू कर सकता है। इंडस्ट्री विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम न सिर्फ कपूर परिवार की विरासत को सम्मान देने वाला है, बल्कि मुंबई के फिल्म प्रोडक्शन इकोसिस्टम में एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी स्पेस भी जोड़ सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि भविष्य में रणबीर कपूर की संभावित निर्देशन परियोजनाओं का बेस भी यही स्टूडियो हो सकता है। इस पहल को हिंदी सिनेमा के अतीत और भविष्य के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में देखा जा रहा है।