बेगमगंज: कुएं में डूबने से नाबालिग की मौत, NDRF ने निकाला शव

बेगमगंज। उदका निवासी मिश्रीलाल शिल्पकार का 15 वर्षीय पुत्र सचिन शिल्पकार सुबह करीब 9 बजे नहाने के लिए पानी लेने कुएं पर गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और कुएं के पास पानी का कुप्पा मिलने पर पुलिस को सूचना दी। करीब 40 फीट पानी से भरे कुएं से NDRF टीम ने काफी मशक्कत के बाद सचिन का शव बाहर निकाला।
पानी लेने कुएं पर गया था छात्र
जानकारी के अनुसार सचिन शिल्पकार सुबह करीब 9 बजे स्कूल में पेपर देने की तैयारी के लिए नहाने हेतु कुएं पर पानी लेने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
ये भी पढ़ें: हनुमान अंश फिल्म पर CM साय का बड़ा ऐलान,टैक्स फ्री करने से पहले खुद देखेंगे फिल्म
कुएं के पास मिला पानी का कुप्पा
तलाश के दौरान परिजनों को कुएं के पास पानी का कुप्पा मिला। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू की गई।
पांच मोटर पंप से निकाला पानी
पुलिस के मौके पर पहुंचने के दौरान कुएं में करीब 40 फीट पानी भरा हुआ था। छात्र की तलाश के लिए करीब पांच पानी की मोटर पंप लगाकर कुएं का पानी बाहर निकाला गया और रायसेन से NDRF की टीम को भी बुलाया गया।
NDRF ने कुएं से निकाला शव
पानी का स्तर करीब 10 फीट कम होने के बाद भी कुएं में लगभग 30 फीट पानी बचा था। इसके बाद NDRF टीम ने काफी मशक्कत की और सचिन के शव को कुएं से बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस शव को सुल्तानगंज अस्पताल लेकर पहुंची।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज सिविल अस्पताल में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, दर्जनों वाहन हटवाए
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सुल्तानगंज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद सचिन का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक सचिन कक्षा 10वीं का छात्र था।




















