Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सांची में खूनी हमला :हार्डवेयर व्यापारी की बेरहमी से हत्या, पुलिस जांच में जुटी

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सांची थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय हार्डवेयर कारोबारी राकेश लोधी की तलवारों से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर हमले में उनका हाथ कट गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
रायसेन में हार्डवेयर कारोबारी की तलवारों से निर्मम हत्या

रायसेन जिले के सांची थाना क्षेत्र में शनिवार रात 26 वर्षीय हार्डवेयर कारोबारी राकेश लोधी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दुकान बंद करने और मंदिर में आरती करने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तलवारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में हाथ कट गया, रास्ते में हुई मौत

हमलावर राकेश को घसीटकर झाड़ियों में ले गए और उन पर कई वार किए। हमले में उनकी एक हथेली शरीर से अलग हो गई और पेट समेत शरीर पर कई गहरे घाव हो गए। गंभीर हालत में उन्हें पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

झाड़ियों में मिला कटा हुआ हाथ

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान झाड़ियों में राकेश का कटा हुआ हाथ मिला। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए।

Breaking News

15 दिन पहले भी हुआ था हमला

परिजनों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी कुछ लोगों ने राकेश की आंखों में लाल मिर्च डालकर उनके साथ मारपीट की थी। उस घटना के बाद से वह डरे हुए थे। हालांकि, उनके पिता प्रताप सिंह ने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी, आपसी विवाद और सुनियोजित साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दो महीने पहले हुई थी शादी

राकेश लोधी की शादी इसी साल 12 मई को वंदना लोधी से हुई थी। शादी के महज दो महीने बाद हुई इस वारदात से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राकेश अपने पीछे पत्नी और छोटे भाई को छोड़ गए हैं। बचपन से वह अपनी मां के साथ मामा के घर मेढ़की में रहते थे और उनकी मां ने मेहनत कर उन्हें हार्डवेयर का कारोबार शुरू कराया था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Upendra Gautam
By Upendra Gautam

पत्रकार उपेन्द्र गौतम जिला ब्यूरो रायसेन

Latest Posts