Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

NH-45 पर पारतलाई जोड़ के पास भीषण हादसा, बाइक सवार युवक की मौत; दो गंभीर

रायसेन के बाड़ी में NH-45 पर पारतलाई जोड़ के पास बाइक और कार की टक्कर में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दो युवक गंभीर घायल हैं, जिन्हें भोपाल रेफर किया गया। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया।

रायसेन/बाड़ी। नेशनल हाईवे-45 पर बाड़ी से करीब 3 किलोमीटर दूर पारतलाई जोड़ के पास बाइक और कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम नयागांव, तहसील बाड़ी निवासी रामगोपाल धानक (20) अपने दो साथियों कल्लू धानक और गजराज धानक के साथ बाइक से बाड़ी से गांव लौट रहा था। बताया गया कि तीनों युवक बाड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उपचार कराने के बाद वापस जा रहे थे। इसी दौरान पारतलाई जोड़ के पास उनकी बाइक को कार क्रमांक MP20 CG 5615 ने टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरे तीनों युवक

हादसा इतना जोरदार था कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 100 और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ी ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रामगोपाल धानक को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं कल्लू धानक और गजराज धानक की हालत गंभीर बताई गई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया।

कार छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सड़क दुर्घटना का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Breaking News

Buddhi Sharma
By Buddhi Sharma

Latest Posts