छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार दोपहर पंडरी इलाके के कापा में एक बिजनेसमैन से 15 लाख रुपए और 3 सोने की अंगूठियां लूट ली गईं। तीन बदमाश बाइक से आए और सुनसान जगह पर कारोबारी को घेरकर कट्टा व चाकू अड़ा दिया।
पंडरी थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि वारदात करीब 12 बजे हुई। पीड़ित चिराग जैन की रेलवे स्टेशन के पास बोरवेल पार्ट्स की दुकान है। वह विधानसभा इलाके में स्थित अपने घर से दुकान के लिए निकला था। कापा इलाके में पहुंचते ही तीन युवक बाइक पर उसके सामने आ गए। एक आरोपी ने नकाब पहन रखा था, जबकि दो के चेहरे खुले थे।
आरोपियों ने चिराग की गाड़ी रोककर उसे जान से मारने की धमकी दी और कार में रखे 15 लाख रुपए कैश ले गए। इसके साथ ही उसके हाथ से 3 सोने की अंगूठियां भी उतरवा लीं।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।