Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Rahul Gandhi MP Visit :2023 के विधानसभा चुनाव के बाद तीन बार आए राहुल गांधी, मप्र के मुद्दों पर उठाते रहे आवाज

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार 24 फरवरी को भोपाल में किसान महाचौपाल करेंगे। दो महीने में मप्र में यह उनका दूसरा दौरा है। हालांकि 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी तीन बार मप्र आ चुके हैं।
2023 के विधानसभा चुनाव के बाद तीन बार आए राहुल गांधी, मप्र के मुद्दों पर उठाते रहे आवाज
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नरेश भगोरिया, भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी मप्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद चौथी बार यहां आ रहे हैं। वे 24 फरवरी को अमेरिका से ट्रेड डील के विरोध में भोपाल में आयोजित होने वाली कांग्रेस की किसान महापंचायत में शामिल होंगे। मप्र के विधानसभा चुनाव में अभी ढाई साल से ज्यादा समय है लेकिन नवंबर-दिसंबर 2027 में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के नजरिए से कांग्रेस संगठन का काम शुरू हो गया है। यही वजह है राहुल गांधी के मप्र में फेरे अब बढ़ जाएंगे। 

    24 फरवरी 2026 : किसान महाचौपाल, कपास किसानों का मुद्दा

    भोपाल में को हो रही किसान महाचौपाल दरअसल कपास किसानों के हितों से जुड़ी है। अमेरिका से ट्रेड डील में कपास के निर्यात को लेकर कांग्रेस का दावा है कि इससे कपास के किसान बर्बाद हो जाएंगे। कांग्रेस का मानना है कि बांग्लादेश की अपेक्षा अमेरिका कपास बेचने पर किसानों को नुकसान होगा। भारत को 18 प्रतिशत का टैरिफ भुगतान करना पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ट्रंप के दबाव में केंद्र सरकार ने फोन पर ही डील पक्की कर ली। राहुल गांधी इसके बाद महाराष्ट्र में यवतमाल और फिर आंध्रा में भी ऐसी किसान महाचौपाल करेंगे। उल्लेखनीय है कि ये क्षेत्र भी कपास उत्पादक किसानों के हैं।

    17 जनवरी 2026 : इंदौर, भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौत

    इससे पहले राहुल गांधी 17 जनवरी 2026 को एक दिवसीय दौरे पर इंदौर आए थे। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से 35 मौते हो चुकी हैं। जब यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया तो राहुल इंदौर पहुंचे। उन्होंने वहां अस्पताल में भर्ती मरीजों से बात की और प्रभावितों से मिलने उस इलाके में भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों को अपनी ओर से सहायता राशि के रूप में एक-एक लाख रुपए के चेक भी दिए।

    8 नवंबर 2025 : पचमढ़ी, कांग्रेस कार्यशाला

    कांग्रेस जिलाध्यक्षों की कार्यशाला में प्रशिक्षण देने राहुल गांधी 8 नवंबर को दो दिनी यात्रा पर मप्र आए थे। वे भोपाल पहुंचकर सीधे पचमढ़ी शिविर में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्षों को संगठन को लेकर टिप्स दिए। संगठन के शिविर में देर से पहुंचने पर राहुल गांधी को दंड स्वरूप पुश अप भी करने पड़े थे। हालांकि राहुल गांधी के इस दौरे को विपक्ष ने टूरिज्म बता दिया था, क्योंकि उस दौरान बिहार चल रहे थे और राहुल चुनावी दौरा छोड़कर हिल स्टेशन पचमढ़ी पहुंचे थे।

    3 जून 2025 : भोपाल, संगठन सृजन अभियान

    राहुल गांधी विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार 3 जून 2025 को कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम राजधानी भोपाल में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि हमें रेस के घोड़े, बारात के घोड़ और लंगड़े घोड़ों में फर्क करना होगा। उन्होंने कहा था कि लंगड़े घोड़ों को रिटायर करना चाहिए। यह बयान उनका खासा चर्चित हुआ था।

    सोशल मीडिया पर उठाए मप्र के मुद्दे

    मप्र में राहुल गांधी क मप्र  कम आने के सवाल पर कांग्रेस विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता कहते हैं कि राहुल गांधी के मप्र के दौरे कम रहे लेकिन वे सोशल मीडिया पर मप्र के मुद्दे उठाते हुए हमेशा यहां से कनेक्ट रहे। छिंदवाड़ा के सिरप कांड, राजगढ़ में स्कूली बच्चों के अखबारी कागज पर मध्याह्न भोजन समेत अन्य विषयों को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ और फेसबुक पर उठाया है। इसके अलावा भी अन्य विषयों को वे समय-समय पर उठाते रहे हैं।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts