Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राहुल गांधी के काफिले की टक्कर की होगी SIT जांच, DGP ने दिए आदेश

राहुल गांधी के काफिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां टकराने के मामले में यूपी DGP राजीव कृष्ण ने SIT जांच के आदेश दिए। IG किरण एस करेंगी जांच की अध्यक्षता।
राहुल गांधी के काफिले की टक्कर की होगी SIT जांच, DGP ने दिए आदेश

लखनऊ। राहुल गांधी के काफिले में शामिल गाड़ियों के आपस में टकराने के मामले में उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। यह हादसा सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उस समय हुआ, जब राहुल गांधी लखनऊ से सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानपुर जा रहे थे। उन्हें एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होना था।

IG किरण एस की अध्यक्षता में बनी SIT

राहुल गांधी के काफिले में हुए हादसे की जांच के लिए गठित एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ रेंज की आईजी किरण एस करेंगी। टीम में सुल्तानपुर के एडिशनल एसपी बृज नारायण सिंह और डिप्टी एसपी ट्रैफिक रामकृष्ण चतुर्वेदी को भी शामिल किया गया है। एसआईटी हादसे के कारणों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, एस्कॉर्ट और ट्रैफिक प्रबंधन में किसी तरह की चूक हुई या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। जांच टीम भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव भी देगी। एसआईटी को जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट डीजीपी मुख्यालय को सौंपनी है।

X Post

8 साल पुराने मानहानि मामले में राहुल गांधी दोषमुक्त

राहुल गांधी सोमवार को सुल्तानपुर की विशेष सांसद-विधायक अदालत में पेश हुए थे। अदालत ने उन्हें मानहानि के एक मामले में दोषमुक्त कर दिया। यह मामला 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले बेंगलुरु में आयोजित एक रैली में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी से जुड़ा था। स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने इस मामले में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। राहुल गांधी की ओर से अदालत में दलील दी गई कि संबंधित बयान सद्भावना में दिया गया था और किसी की मानहानि करने का उद्देश्य नहीं था। शिकायतकर्ता के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि अदालत ने अपने फैसले में राहुल गांधी को दोषमुक्त कर दिया।

Breaking News

दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे राहुल गांधी

राहुल गांधी सोमवार सुबह दिल्ली से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले में शामिल कुछ गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बावजूद राहुल गांधी सुरक्षित सुल्तानपुर की अदालत पहुंचे। अब उत्तर प्रदेश के डीजीपी के आदेश पर गठित एसआईटी इस दुर्घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts